'मैं तुम्हें अपने साथ नहीं रखूंगा, तुम जाकर मर जाओ', पति से मिली धमकी, विवाहिता ने किया सुसाइड

Bihar Crime News: पूर्णिया जिले में दहेज से प्रताड़ित महिला ने सुसाइड कर लिया. महिला के परिजनों ने उसके पति और सास-ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. मृतका की मां ने पूरी घटना के बारे में जानकारी दी. विवाहिता को पति ने फोन पर मर जाने की धमकी भी दी थी.

Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया जिले में एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली. मामला जिले के अमौर थाना इलाके के धुरपैली पंचायत का है. दहेज प्रताड़ना और ससुराल वालों के व्यवहार से तंग आकर विवाहिता ने यह खौफनाक कदम उठाया. मृतका की मां ने अपने दामाद और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

मृतका की मां ने क्या बताया?

मृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी सुलोचना कुमारी की शादी साल 2020 में धुरपैली पंचायत के ही बगढर गांव निवासी सुजीत कुमार के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर बेटी के साथ मारपीट और झगड़ा करने लगे. प्रताड़ना का सिलसिला तब भी नहीं थमा जब उनकी दो बेटियां हुईं.

एक साल से मायके में रह रही थी विवाहिता

मृतका की मां ने बताया कि उनके दामाद सुजीत और ससुराल के अन्य सदस्य (सास-ससुर) लगातार दहेज के लिए दबाव बनाते थे और मारपीट कर उसे घर से निकाल देते थे. जानकारी के मुताबिक, पिछले एक साल से विवाहिता अपने मायके में ही रह रही थी. इस दौरान उसने कोर्ट में न्याय के लिए गुहार भी लगाई थी और मामला अभी विचाराधीन है.

फोन पर धमकी देता था पति

आरोप है कि पति सुजीत फोन पर अक्सर विवाहिता को धमकी देता था. वह कहता था, ‘तुम चाहे केस करो या कुछ भी, मैं तुम्हें अपने साथ नहीं रखूंगा. तुम जाकर मर जाओ.’ ससुराल वालों के इसी अड़ियल और क्रूर रवैये से वह गहरे मानसिक तनाव में थी. मां का कहना है कि उनकी बेटी ने फोन पर हुई बहस और लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर आत्महत्या कर लिया.

घटना के बारे में पुलिस ने क्या बताया?

अब परिजनों ने प्रशासन से दोषी दामाद और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है. मामले में थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पीड़ित की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन देने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

(पूर्णिया से सुनील कुमार की रिपोर्ट)

Also Read: एक्टर सोनू सूद ने अनंत सिंह से वीडियो कॉल पर की बात, बोले- मुंबई आइए ना हमारे पास

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >