पीएम मोदी की अपील पर राजद सांसद मनोज झा की दो टूक, बताया किस वर्ग पर पड़ेगा सबसे ज्यादा बोझ

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत, कम यात्रा और सोना खरीदने से बचने की अपील पर आरजेडी सांसद मनोज झा ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि ऐसे कदमों का सबसे ज्यादा असर दिहाड़ी मजदूरों और गरीब तबके पर पड़ेगा. इनकी रोजी-रोटी सीधे काम पर निर्भर है.

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से गैरजरूरी यात्रा कम करने, वर्क फ्रॉम होम अपनाने, ऑनलाइन मीटिंग करने और सोना खरीदने से बचने की अपील के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इस मुद्दे पर आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि ऐसी अपीलों का सबसे बड़ा असर उस वर्ग पर पड़ेगा, जो रोज कमाता है और रोज खाता है.

मनोज झा बोले, दिहाड़ी मजदूरों की चिंता कौन करेगा

मनोज झा ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील सुनने में अच्छी लग सकती है, लेकिन इसका सीधा असर दिहाड़ी मजदूरों, छोटे कामगारों और रोजमर्रा कमाने वाले लोगों पर पड़ेगा. जब लोग घरों से कम निकलेंगे, कामकाज घटेगा और बाजार प्रभावित होगा तो सबसे पहले मजदूर वर्ग की कमाई पर चोट पड़ेगी. उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों की जिंदगी रोज की मजदूरी पर चलती है, उनके बारे में सरकार क्या सोच रही है.

सरकार पर भी उठाए सवाल

आरजेडी सांसद ने कहा कि सरकार जनता से संयम और बचत की अपील कर रही है, लेकिन सरकार और उसके मंत्रियों के व्यवहार में वैसा बदलाव नजर नहीं आता. उन्होंने तंज करते हुए कहा कि कुछ मंत्री केवल दिखावे के लिए फोटो खिंचवा रहे हैं, जबकि असल चिंता आम लोगों की होनी चाहिए.

विज्ञापनों पर क्या बोले

मनोज झा ने केंद्र और राज्य सरकारों पर सरकारी विज्ञापनों के जरिए छवि निर्माण का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जब सरकार बड़े पैमाने पर प्रचार पर खर्च कर सकती है तो फिर जनता पर बोझ डालने जैसी अपीलों पर सवाल उठना स्वाभाविक है.

मनोज झा ने कहा कि देश ने कोविड के दौरान भी कई कठिन हालात देखे हैं और उस समय की कई बातें अब भी लोगों के मन में हैं. उन्होंने कहा कि सरकार को एकतरफा फैसले या अपील करने के बजाय सभी पक्षों को साथ लेकर संवाद करना चाहिए.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

विपक्ष की सलाह, संवाद बढ़ाए सरकार

मनोज झा ने कहा कि अभी भी समय है कि सरकार सभी दलों और समाज के अलग-अलग वर्गों के साथ बैठक करे, चर्चा करे और ऐसी रणनीति बनाए जिससे आम आदमी, खासकर गरीब तबका, सबसे कम प्रभावित हो.

इसे भी पढ़ें: पटना से आरा-बक्सर जाना होगा आसान, 346 एकड़ जमीन का अधिग्रहण शुरू, देखें अपडेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >