Hawala Racket Patna : पटना में हवाला कारोबार से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में अरण्य बलभद्र अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 101 में पुलिस और इनकम टैक्स विभाग की संयुक्त कार्रवाई में मामले का खुलासा हुआ. कार्रवाई के दौरान करीब 30 लाख रुपये कैश बरामद की गई. मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
जानकारी के अनुसार एक कार की टक्कर के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध इनोवा क्रिस्टा का पीछा किया था. इसके बाद गाड़ी की तलाशी ली गई, जिसमें करीब 30 लाख रुपये कैश बरामद किए गए. पुलिस और इनकम टैक्स विभाग अब इस रकम के स्रोत और इसके पीछे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगे हैं.
तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान संजय कुमार, दिग्विजय ठाकुर और पटेल कारण कुमार सिंधाभाई के रूप में बताई जा रही है. तीनों के गुजरात का रहने वाला होने की जानकारी सामने आई है.
पूछताछ के दौरान एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उनके पास बरामद रकम कहां से आई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. मामले में पुलिस और इनकम टैक्स विभाग की संयुक्त जांच जारी है.
गुजरात से कोलकाता में थी डिलीवरी
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी गुजरात से इनोवा क्रिस्टा में कैश लेकर निकले थे. इस रकम की डिलीवरी कोलकाता में की जानी थी. इसी सिलसिले में तीनों पटना पहुंचे थे.
मनेर में गंगा नदी में सात लोग डूबे, चार को बचाया गया, तीन लापता
यहां पर उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया. कार की टक्कर के बाद पुलिस की नजर संदिग्ध इनोवा क्रिस्टा पर गई. इसके बाद पुलिस टीम ने गाड़ी का पीछा किया और तलाशी के दौरान कैश बरामद की गई. पुलिस और आयकर विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह बरामद रकम किसकी है और इसका डिलीवरी नेटवर्क कहां तक फैला है.
3000 करोड़ के नेटवर्क का दावा, पुष्टि नहीं
जानकारी के अनुसार इस हवाला नेटवर्क का कारोबार करीब 3000 करोड़ रुपये का होने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, इस आंकड़े और हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिलहाल पुलिस और इनकम टैक्स विभाग बरामद रकम के स्रोत का पता लगाने में जुटा है. एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि रकम किसकी है और इसके लेनदेन का पूरा नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है.
पटना में अलग-अलग ठिकानों पर जांच जारी
इसी मामले को लेकर पटना में अलग-अलग ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी और जांच जारी होने की जानकारी सामने आई है. एजेंसियां बरामद रकम से जुड़े दस्तावेजों और अन्य जानकारियों को खंगाल रही हैं.
जांच में रकम के स्रोत, इसकी डिलीवरी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल मामले में तीन लोगों से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी हैं.
