पटना में 25 हजार का इनामी जमीन ठग सुदाम सिंह गिरफ्तार: कबीर डेवलपर्स के नाम पर की थी लाखों की धोखाधड़ी, STF ने दबोचा

पटना पुलिस और एसटीएफ ने जमीन के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले 25 हजार के इनामी आरोपी सुदाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. जानें पूरी खबर.

Patna News: जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर आम लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सुदाम सिंह को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. बिहार एसटीएफ और पटना जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिहटा स्थित आईआईटी अमहारा इलाके में घेराबंदी कर उसे धर दबोचा. पकड़ा गया शातिर जालसाज मूल रूप से सारण (छपरा) जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनुकी गांव का रहने वाला है.

कबीर डेवलपर्स की आड़ में लोगों को लगाया था लाखों का चूना

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुदाम सिंह 'कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड' नामक रियल एस्टेट कंपनी की आड़ में एक बड़ा ठगी का सिंडिकेट चला रहा था. वह पटना और आसपास के इलाकों में प्राइम लोकेशन पर सस्ती जमीन और प्लॉट दिलाने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से मोटी रकम वसूलता था. रुपये ऐंठने के बाद न तो जमीन की रजिस्ट्री की जाती थी और न ही पैसे वापस लौटाए जाते थे. इस गोरखधंधे के जरिए उसने दर्जनों लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की थी.

कोतवाली थाने में दर्ज था केस, IPC की गंभीर धाराओं में था वांछित

आरोपी के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में कांड संख्या 342/24 के तहत प्राथमिकी दर्ज थी. उस पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) और 120(बी) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत संगीन मामले दर्ज थे. मामला दर्ज होने के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था. पटना पुलिस की सिफारिश पर उसके ऊपर 25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था.

पटना पुलिस के हवाले किया गया आरोपी, नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम

एसटीएफ ने सफल ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार सुदाम सिंह को आगे की कानूनी प्रक्रिया और रिमांड के लिए पटना पुलिस को सौंप दिया है. मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा, "सुदाम सिंह रियल एस्टेट कंपनी की आड़ में लंबे समय से ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था. एसटीएफ के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. अब उससे पूछताछ कर इस नेटवर्क में शामिल अन्य साथियों और ठगी की कुल संपत्ति का ब्योरा जुटाया जा रहा है."

Also Read: बिहार के विश्वविद्यालयों में बदल जाएगा पढ़ाई और शोध का माहौल, स्विस फाउंडेशन और ICSSR ने सम्राट चौधरी को दिया यह बड़ा प्रस्ताव

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद सिंह कौशिक

आनंद सिंह कौशिक बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रेलवे, मेट्रो, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी खबरों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं. साथ में पटना समेत बिहार के अपराध और राजनीतिक खबरों में भी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >