Lalu Yadav: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर पहुंच गए हैं. एयरपोर्ट पर उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने उनका स्वागत किया. लंबे समय बाद पिता से मुलाकात होते ही रोहिणी भावुक हो गईं और उन्हें गले लगा लिया. इस दौरान लालू यादव अपने साथ आम, लीची, लड्डू समेत कई घरेलू चीजें भी लेकर पहुंचे थे.
सोशल मीडिया पर शेयर किया इमोशनल वीडियो
पिता के आगमन से खुश रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि हमारे घर आज हमारे भगवान आए हैं. हमारी छोटी सी दुनिया में हमारे चारो धाम आए हैं. उनके चरणों की धूल ले लें हम हमारे कृपानिधान आए हैं.
रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए गए हैं सिंगापुर
लालू प्रसाद यादव का साल 2022 में सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था. उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने ही उन्हें अपनी किडनी दान की थी. ट्रांसप्लांट के बाद लालू समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर जाते रहते हैं. इस बार भी वह नियमित मेडिकल चेकअप के लिए वहां पहुंचे हैं और फिलहाल रोहिणी के घर पर ही ठहरे हुए हैं.
राजनीति में भी एक्टिव हैं रोहिणी
रोहिणी आचार्या सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राजनीति में भी एक्टिव भूमिका निभाती रही हैं. उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव सारण सीट से लड़ा था. इसके अलावा बिहार विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने आरजेडी के पक्ष में जमकर प्रचार किया था.
चुनावी हार के बाद परिवार में बढ़ा था विवाद
पिछले विधानसभा चुनाव के बाद लालू परिवार के भीतर विवाद की खबरें भी सामने आई थीं. रोहिणी आचार्या ने आरोप लगाया था कि तेजस्वी यादव के करीबी लोगों ने उनके साथ राबड़ी आवास में अभद्र व्यवहार किया. उन्होंने कहा था कि चुनावी हार का ठीकरा उन पर फोड़ा गया और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया.
मायके से दूरी, बर्थडे पार्टी से भी रहीं दूर
उस विवाद के बाद रोहिणी आचार्या अब तक अपने मायके नहीं आई हैं. हाल ही में गाजियाबाद में आयोजित तेजस्वी यादव के बेटे इराज की जन्मदिन पार्टी में भी पूरा लालू परिवार मौजूद था, लेकिन रोहिणी इसमें शामिल नहीं हुईं.
एमएलसी चुनाव लड़ने की अटकलों को किया खारिज
रोहिणी आचार्या ने हाल ही में उन खबरों को भी अफवाह बताया, जिनमें उन्हें राजद की ओर से विधान परिषद चुनाव का संभावित उम्मीदवार बताया जा रहा था. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें किसी पद या राजनीतिक लाभ का कोई लालच नहीं है. फिलहाल राजद ने विधान परिषद चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है.
