Train Cancelled: आसनसोल रेल मंडल के तहत आने वाले विभिन्न स्टेशनों पर पटरियों के रखरखाव का जरूरी काम चल रहा है. इस वजह से रेलवे प्रशासन ने बड़ा कॉरिडोर ब्लॉक लिया, जिसके तहत रविवार को चलने वाली कई मेमू पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया. ट्रेनों के अचानक रद्द होने और बीच रास्ते में ही रोके जाने के कारण झाझा स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा.
रद्द और आंशिक रूप से बंद रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
आसनसोल मंडल के सूचना अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी संख्या 63298 झाझा-देवघर मेमू को रविवार के दिन पूरी तरह रद्द कर दिया गया. गाड़ी संख्या 63509 बर्द्धमान-झाझा मेमू को आसनसोल में ही रोक दिया गया, जिससे यह ट्रेन आसनसोल और झाझा के बीच नहीं चल सकी. इसी तरह गाड़ी संख्या 63510 झाझा-बर्द्धमान मेमू का परिचालन झाझा के बजाय आसनसोल से शुरू किया गया, जिससे झाझा और आसनसोल के बीच यह सेवा बंद रही.
देवघर-पटना मेमू भी झाझा से ही चलाई गई
इसके अलावा गाड़ी संख्या 63209 देवघर-पटना मेमू को देवघर के बजाय झाझा स्टेशन से शुरू किया गया. इसके चलते देवघर और झाझा के बीच यह ट्रेन सेवा पूरी तरह रद्द रही. एक साथ कई ट्रेनों के रद्द होने और बीच में ही खत्म किए जाने की वजह से झाझा स्टेशन पर यात्री परेशान दिखे और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे साधनों व ट्रेनों का सहारा लेना पड़ा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
स्टेशन प्रबंधक ने दी जानकारी और रेलवे की अपील
झाझा के स्टेशन प्रबंधक रविकांत माथुरी ने बताया कि किसी भी ट्रेन को झाझा स्टेशन पर अलग से नहीं रोका गया है, बल्कि यह फैसला आसनसोल मंडल में चल रहे ट्रैक मेंटेनेंस कार्य की वजह से लिया गया है. रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का मौजूदा शेड्यूल और स्थिति जरूर जांच लें.
इसे भी पढ़ें: तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी पर भड़की रोहिणी, तेजस्वी यादव बोले- कल तक रिहा करो वरना होगा आंदोलन
