Threat to JD(U) spokesperson : पटना में जदयू प्रवक्ता शंभूनाथ सिन्हा ने शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित नवीन प्रसाद सिन्हा पार्क में दो अज्ञात लोगों पर धक्का-मुक्की और हमला करने का आरोप लगाया है. घटना रविवार की शाम की बतायी जा रही है. इस संबंध में उन्होंने शास्त्रीनगर थाने में आवेदन दिया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
इवनिंग वॉक के दौरान हुई घटना
आवेदन के अनुसार, शंभूनाथ सिन्हा पार्क में इवनिंग वॉक कर रहे थे. इसी दौरान सामने से आये दो लोगों ने उन्हें धक्का दे दिया. विरोध करने पर दोनों उनसे उलझने लगे.
धमकी देने के बाद किया हमला
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने उन्हें कथित तौर पर "चीर-फाड़ कर रख दूंगा" कहकर धमकी दी. इसके बाद दोनों ने उन पर हमला कर दिया.
पार्क कर्मचारियों ने कराया बीच-बचाव
घटना के दौरान पार्क में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इसके बाद शंभूनाथ सिन्हा ने शास्त्रीनगर थाने में शिकायत दी.
आरोपितों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अज्ञात आरोपितों की पहचान करने के साथ ही घटना के कारणों का भी पता लगा रही है.
