Ishan Kishan: बिहार के युवा क्रिकेटरों का जलवा अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार बढ़ता जा रहा है. युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बाद अब भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को बिहार सरकार ने बड़े सम्मान से नवाजा है.
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ईशान किशन को बिहार सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई. शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें सम्मान स्वरूप चेक सौंपा और उनके शानदार भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस खास मौके की तस्वीर अपने एक्स हैंडल पर भी शेयर की. उन्होंने लिखा कि बिहार के लाल ईशान किशन ने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर देश और राज्य दोनों का गौरव बढ़ाया है. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ईशान आगे भी भारतीय क्रिकेट में अपनी दमदार बल्लेबाजी और खेल भावना से देश का नाम रोशन करते रहेंगे. इस मौके पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और दीपक कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
बिहार के क्रिकेटरों को मिल रही नई पहचान
पिछले कुछ समय में बिहार के युवा क्रिकेटरों ने अपने प्रदर्शन से पूरे देश का ध्यान खींचा है. कम उम्र में शानदार खेल दिखाकर चर्चा में आए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी इससे पहले तब के सीएम नीतीश कुमार द्वारा 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया था.
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि खिलाड़ियों को इस तरह प्रोत्साहन मिलने से बिहार के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और बढ़ेगा. इससे राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का नया आत्मविश्वास मिलेगा.
सोशल मीडिया पर फैंस में दिखा उत्साह
ईशान किशन को सम्मानित किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर भी क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. फैंस ने इसे बिहार के खेल इतिहास के लिए गर्व का पल बताया और ईशान किशन को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
Also Read: 1-2 कट्ठा जमीन वाले किसान भी करा लें फार्मर रजिस्ट्री, नहीं तो अटक सकता है सरकारी योजनाओं का लाभ
