Bihar IPS Transfer: बिहार सरकार ने राज्य के पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है. गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार में कुल 61 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का तबादला किया गया है. इसके अलावा दो आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. सरकार के इस फैसले के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है.
सरकार ने इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम बताया है. कई जिलों में लंबे समय से तैनात अधिकारियों को नई जगहों पर भेजा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को विशेष इकाइयों और मुख्यालयों में जिम्मेदारी दी गई है.
गरिमा और संकेत कुमार को नई पोस्टिंग
जारी आदेश के अनुसार, आईपीएस अधिकारी गरिमा को मुजफ्फरपुर के सरैया से हटाकर भागलपुर के कहलगांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 के पद पर तैनात किया गया है. वहीं संकेत कुमार को मुंगेर के तारापुर से स्थानांतरित कर नालंदा के बिहारशरीफ सदर-1 का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है.
कानून-व्यवस्था सुधारने पर सरकार का फोकस
बिहार सरकार का मानना है कि नए अधिकारियों की तैनाती से जिलों में पुलिसिंग और मजबूत होगी. खासतौर पर अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम और निगरानी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है.
पटना और मोतिहारी में भी अहम बदलाव
तबादला सूची के अनुसार, नालंदा के बिहारशरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नूरूल हक को पटना भेजा गया है. अब वे सहायक पुलिस महानिरीक्षक (निरीक्षण) के पद पर कार्य करेंगे.
वहीं सोनपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रितीश कुमार को मोतिहारी में साइबर क्राइम के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) की जिम्मेदारी दी गई है. माना जा रहा है कि बढ़ते डिजिटल अपराधों पर नियंत्रण के लिए यह नियुक्ति अहम साबित हो सकती है.
विशेष इकाइयों में भी नई जिम्मेदारी
भागलपुर के कहलगांव में तैनात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) पटना में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. इसके अलावा अपराध अनुसंधान विभाग (CID) पटना में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक मो. नेसार अहमद शाह को मधेपुरा का नया ASP नियुक्त किया गया है.
Also Read: टी20 वर्ल्ड कप जीत के हीरो ईशान किशन को बिहार सरकार का बड़ा सम्मान, मिला 1 करोड़ का पुरस्कार
