IIT Patna Placement : बिहटा स्थित आईआईटी पटना ने वर्ष 2026 के प्लेसमेंट सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है. वैश्विक स्तर पर रोजगार बाजार में चुनौतियों के बावजूद संस्थान के “क्लास ऑफ 2026” के 687 से अधिक छात्रों को अब तक नौकरी के ऑफर मिल चुके हैं. इस उपलब्धि ने न सिर्फ संस्थान की साख को मजबूत किया है, बल्कि यह भी दिखाया है कि आईआईटी पटना के छात्रों की मांग देश-विदेश की कंपनियों में तेजी से बढ़ रही है.
इस बार के प्लेसमेंट सत्र में 230 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिनमें कई कंपनियां पहली बार कैंपस पहुंचीं. टेक्नोलॉजी से लेकर कोर इंजीनियरिंग और फाइनेंस सेक्टर तक, छात्रों को अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिले.
पैकेज में जबरदस्त बढ़ोतरी
आईआईटी पटना के छात्रों के वेतन पैकेज में इस साल उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है. बीटेक और बीएस कोर्स के छात्रों का मीडियन पैकेज 38.46 प्रतिशत बढ़कर 13 लाख रुपये से 18 लाख रुपये वार्षिक पहुंच गया है. वहीं औसत पैकेज भी 19.80 लाख रुपये से बढ़कर 23.17 लाख रुपये सालाना हो गया, जो करीब 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है.
प्री-प्लेसमेंट ऑफर यानी पीपीओ की संख्या में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है. पिछले साल जहां 94 छात्रों को पीपीओ मिला था, वहीं इस बार यह संख्या बढ़कर 122 हो गई है. यह करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि को दिखाता है.
बड़ी कंपनियों ने दिखाई दिलचस्पी
इस प्लेसमेंट सत्र में कई दिग्गज कंपनियों ने आईआईटी पटना के छात्रों को नौकरी के लिए चुना. प्रमुख कंपनियों में गूगल, एडोबी, अमेजन, डीई शॉ, सैमसंग, स्प्रिंकलर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएलटेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा आरएनआई और टाटा मोटर्स शामिल रहीं.
इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां भी पीछे नहीं रहीं. गेल, इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड, एचपीसीएल, बीपीसीएल, बीईएल, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स, एलएंडटी, सी-डॉट और सी-डैक जैसी संस्थाओं ने भी छात्रों का चयन किया.
पीजी कोर्स में भी शानदार प्रदर्शन
सिर्फ बीटेक ही नहीं, बल्कि स्नातकोत्तर कोर्स में भी आईआईटी पटना के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है. एमटेक में कुल 80.35 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट हुआ है, जबकि औसत पैकेज बढ़कर 15.06 लाख रुपये वार्षिक पहुंच गया है.
मैथेमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग, वीएलएसआई एंड एंबेडेड सिस्टम्स और मैटेरियल्स साइंस एंड इंजीनियरिंग जैसे कोर्स में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट दर्ज किया गया है. वहीं एमएससी के भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों में लगातार दूसरे साल सभी छात्रों को नौकरी मिली है.
संस्थान की बढ़ती साख
संस्थान के अनुसार ऑल आईआईटी प्लेसमेंट कमेटी के दिशा-निर्देशों के चलते अधिकतम वेतन पैकेज का खुलासा नहीं किया गया है. हालांकि प्लेसमेंट के सभी प्रमुख मानकों में इस बार सुधार दर्ज किया गया है.
आईआईटी पटना की यह उपलब्धि इस बात का संकेत है कि उद्योग जगत में यहां के छात्रों की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है. यह न सिर्फ छात्रों के लिए गर्व की बात है, बल्कि बिहार के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
