Patna News : (आनंद तिवारी की रिपोर्ट) इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आइजीआइएमएस) में जूनियर इंजीनियर रिशू मिश्रा के साथ मारपीट मामले में शास्त्रीनगर थाने की पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है. पकड़े गये डॉक्टर में एक का नाम डॉ सौर्य कुमार व डॉ अभिषेक है. पुलिस ने दोनों डॉक्टर को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ कर रही है.
अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हुआ
इधर दूसरी ओर साथी के हिरासत की खबर सुनते ही सभी एमबीबीएस छात्र और जूनियर डॉक्टर एक जुट हो गये और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे. नाराज जूनियर डॉक्टर रजिस्ट्रेशन काउंटर को बंद कराने की कोशिश की, हालांकि मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मी व पुलिसकर्मियों ने बलपूर्वक प्रयोग कर छात्र व जूनियर डॉक्टरों को वहां से हटा दिया. इस दौरान अस्पताल का पूरा परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा.
डॉक्टरों ने डायरेक्टर के कार्यालय का घेराव किया
जूनियर डॉक्टर शास्त्रीनगर थाने व डायरेक्टर डॉ बिंदे कुमार के कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया. बढ़ते हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जूनियर डॉक्टरों को चेंबर खाली करने का निर्देश दिया, लेकिन नाराज जूनियर डॉक्टर एक भी न सुने और निदेशक व अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. जूनियर डॉक्टर अपने दोनों साथियों को थाने से छुड़काने के लिए लगातार संस्थान प्रशासन पर दबाव बनाएं हुए हैं.
चेंबर से बाहर नहीं निकले निदेशक, ओटी किया ठप
नाराज जूनियर डॉक्टर प्रशासनिक ब्लॉक पहुंच गये और निदेशक से मिलने की मांग करने लगे. डॉक्टर धक्का-मुक्की कर निदेशक के चेंबर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन चेंबर बंद होने के चलते डॉक्टर अंदर नहीं जा पाएं. डॉक्टर चेंबर खोल कर निदेशक से मिलने की मांग कर रहे थे. करीब एक घंटे तक निदेशक चेंबर नहीं खोले ऐसे में डॉक्टरों का गुस्सा और बढ़ गया. नाराज छात्र व डॉक्टर चेंबर के बाहर ही हंगामा करने लगे. इस घटना के चलते संस्थान में ऑपरेशन से लेकर ओपीडी आदि सेवाएं बाधित हुई हैं. वर्तमान में आइजीआइएमएस में शास्त्रीनगर थाने की पुलिस के अलावा सिक्योरिटी गार्ड की मौजूदगी में ओपीडी में मरीजों का इलाज चल रहा है.
