Patna Crime News : फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र की फेडरल कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी पर ब्लेड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. पीड़िता अदीबा फरहीन (22) ने अपने पति साजिद इमाम उर्फ अप्पू और ससुर अली इमाम उर्फ चांद के खिलाफ थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है. पीड़िता का दावा है कि उसके शरीर के करीब दो दर्जन हिस्सों पर ब्लेड से वार किए गए हैं. घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला का सरकारी अस्पताल में इलाज कराया.
कमरे में बंद कर हमला करने का आरोप
फेडरल कॉलोनी रोड नंबर-7 निवासी अदीबा फरहीन के अनुसार उसका निकाह सात नवंबर 2021 को बाउली मोहल्ला निवासी साजिद इमाम उर्फ अप्पू के साथ हुआ था. पीड़िता का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद से ही पति और ससुर दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे. छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करने और घरेलू काम को लेकर परेशान करने का भी आरोप लगाया गया है.
पीड़िता ने पति पर अन्य महिलाओं से संबंध रखने और इसके विरोध में मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया है. वहीं ससुर पर निजता में दखल देने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है. पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है.
मोबाइल छीनकर मायके भेजने का आरोप
अदीबा ने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त को पति ने उसका मोबाइल फोन देखा. मोबाइल में एक दूर के रिश्तेदार से हुई बातचीत को लेकर वह नाराज हो गया और उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि पति ने मोबाइल अपने पास रख लिया, ताकि वह किसी से मदद नहीं मांग सके. इसके बाद उसे मायके भेज दिया गया.
पीड़िता के अनुसार वह शाम करीब पांच बजे फेडरल कॉलोनी स्थित मायके पहुंची. करीब साढ़े छह बजे उसका पति भी वहां पहुंच गया. उस समय उसके माता-पिता घर पर नहीं थे. आरोप है कि पति ने उसके भाइयों को किसी काम से बाहर भेज दिया और फिर अदीबा को एक कमरे में ले जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया.
चीख सुनकर भाइयों ने तोड़ा दरवाजा
पीड़िता का आरोप है कि कमरे में बंद करने के बाद पति ने उसके साथ मारपीट की और ब्लेड से शरीर के कई हिस्सों पर वार किए. जान बचाने के लिए वह शोर मचाती रही. उसकी चीख सुनकर ऊपर की मंजिल पर मौजूद भाइयों को घटना की जानकारी हुई. भाइयों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और उसे पति के कब्जे से बाहर निकाला.
इसके बाद परिजन घायल अदीबा को फुलवारी स्थित सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसकी चिकित्सकीय जांच और प्राथमिक उपचार कराया गया. पीड़िता ने मेडिकल जांच से संबंधित कागजात भी पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है.
दो बेटियां होने के बाद प्रताड़ना बढ़ाने का आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अदीबा को प्रताड़ित किया जा रहा था. अदीबा की दो बेटियां हैं. परिजनों का दावा है कि बेटियां होने के बाद पति का व्यवहार उसके प्रति और खराब हो गया. स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि साजिद इमाम की इससे पहले भी शादी हुई थी और पहली पत्नी से भी दो बेटियां थीं. पहली पत्नी से अलगाव के बाद उसने अदीबा से शादी की थी. हालांकि इन दावों की पुलिस ने स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.
पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी फैलने के बाद फेडरल कॉलोनी और आसपास के इलाकों में आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पीड़िता ने पति और ससुर से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है. पुलिस के अनुसार आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है.
