पटना में साइबर ठगों का तांडव: गूगल पर खोजा कस्टमर केयर का नंबर, बुजुर्ग के दो खातों से उड़ाये 1.99 लाख रुपये

पटना में साइबर ठगों का आतंक जारी है। गूगल पर कस्टमर केयर नंबर ढूंढना एक बुजुर्ग को भारी पड़ा, जिसके बाद 1.99 लाख रुपये ठग लिए गए। इन घटनाओं ने शहर में कुल ठगी का आंकड़ा 5.48 लाख रुपये तक पहुंचा दिया है।

पटना. गूगल सर्च इंजन पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के कस्टमर केयर का नंबर तलाशना एग्जीबिशन रोड निवासी एक 74 वर्षीय बुजुर्ग को भारी पड़ गया. शातिर साइबर ठगों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर सर्विस के नाम पर एक लिंक भेजा और निजी जानकारी हासिल करते ही उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से 1.99 लाख रुपये की निकासी कर ली. पीड़ित ने इस संबंध में पटना साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. इसके अलावा साइबर अपराधियों ने अलग-अलग हथकंडे अपनाकर तीन अन्य लोगों से भी कुल 3.49 लाख रुपये की ठगी की, जिससे शहर में कुल ठगी का आंकड़ा 5.48 लाख रुपये तक पहुंच गया है.

कस्टमर केयर बनकर भेजा लिंक, उड़ाए 1.99 लाख

गांधी मैदान थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्जीबिशन रोड निवासी बुजुर्ग का घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अचानक खराब हो गया था. मरम्मत व सर्विसिंग के लिए उन्होंने गूगल पर संबंधित कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया और मिले नंबर पर कॉल मिला दी. कॉल सीधे साइबर ठगों के पास पहुंची. शातिरों ने उन्हें झांसे में लेकर सर्विस रिक्वेस्ट के नाम पर एक लिंक भेजा और फॉर्म भरने को कहा. जैसे ही बुजुर्ग ने लिंक पर अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी दर्ज की, उनके दो खातों से 1.99 लाख रुपये पार हो गए.

बिना ओटीपी और डिटेल साझा किए कट गए 1.17 लाख

दूसरी वारदात में सुल्तानपुर निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार बन गए. पीड़ित के खाते से साइबर अपराधियों ने बिना किसी सूचना के 1.17 लाख रुपये निकाल लिए. पीड़ित का दावा है कि उन्होंने किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ न तो ओटीपी साझा किया और न ही कोई बैंक विवरण दिया. इसके बावजूद उनके खाते से इतनी बड़ी रकम की निकासी हो गई. पीड़ित ने साइबर थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई है.

खोए हुए मोबाइल से बहनों के खातों से निकाले 1.37 लाख

तीसरी घटना में लापरवाही का फायदा उठाकर ठगी की गई. नालंदा की मूल निवासी और वर्तमान में रामकृष्णा नगर में रहने वाली एक युवती का मोबाइल फोन हाल ही में कहीं गुम हो गया था. उस मोबाइल में सेव नंबर उसकी दो बहनों के बैंक खातों से लिंक्ड थे. असामाजिक तत्वों ने खोए हुए मोबाइल का गलत इस्तेमाल करते हुए दोनों बहनों के खातों में सेंध लगाई और कुल 1.37 लाख रुपये की चपत लगा दी.

बिग बास्केट के नाम से भेजा लिंक, फोन हैक कर उड़ाए 95 हजार

चौथी घटना में आलमगंज निवासी एक व्यक्ति को निशाना बनाया गया. उनके मोबाइल पर बिग बास्केट के नाम से एक व्हाट्सएप संदेश आया, जिसके साथ अनजान फाइल का लिंक अटैच था. जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक को ओपन किया, उनका पूरा मोबाइल फोन हैक हो गया. इसके कुछ ही देर बाद साइबर अपराधियों ने उनके खाते से 95 हजार रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए. साइबर थाने की पुलिस सभी मामलों को दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान में जुटी है.

Also Read: पुनपुन में पितृपक्ष मेले की तैयारी: पिंडदान घाट पर शौचालय का जीर्णोद्धार, अलाउद्दीनचक में सड़क-नाला निर्माण शुरू

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद सिंह कौशिक

आनंद सिंह कौशिक बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रेलवे, मेट्रो, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी खबरों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं. साथ में पटना समेत बिहार के अपराध और राजनीतिक खबरों में भी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >