Giriraj's Taunt On Raj Bhavan March : राजधानी पटना में राजभवन मार्च को लेकर बिहार की सियासत गरमा गयी है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को राजभवन मार्च के लिए कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरे. इस दौरान उनके हाथ में तिरंगा झंडा नजर आया. तेजस्वी के मार्च से जुड़ा प्रभात खबर का वीडियो शेयर करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उन पर तंज कसा है.
गिरिराज सिंह ने वीडियो साझा करते हुए सवालिया अंदाज में लिखा कि ये किस रंग के झंडे आ गए ?” उनके इस सवाल के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस तेज हो गयी है. गिरिराज के इस तंज को राजद और तेजस्वी यादव पर भाजपा के हमले के तौर पर देखा जा रहा है.
पेपरलीक व सीवान में चली एके-47 को लेकर सड़क पर उतरे तेजस्वी यादव
दरअसल, तेजस्वी यादव ने छात्रों पर कार्रवाई और सिवान में एके-47 से हुई फायरिंग के मामले को लेकर 19 अगस्त को राजभवन मार्च का ऐलान किया था. मार्च का उद्देश्य सरकार पर कानून-व्यवस्था और छात्रों के मुद्दे पर दबाव बनाना बताया गया था.
बुधवार को तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद कार्यकर्ता मार्च के लिए निकले. इस दौरान तेजस्वी हाथ में तिरंगा लिए नजर आये. इसी वीडियो को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सवाल खड़ा करते हुए तेजस्वी पर राजनीतिक निशाना साधा है.
गिरिराज सिंह के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज होने के आसार हैं. लोगों ने सोशल मीडिया पर ही गिरीराज सिंह से कई सवाल पूछने लगे.
