गंगा में बढ़ा पानी, रोजी-रोटी पर संकट; 280 दुकानदारों ने फिर जेपी गंगा पथ पर दुकान लगाने का लिया फैसला

गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद जेपी गंगा पथ के दुकानदारों ने फिर से सड़क किनारे दुकानें लगाने का निर्णय लिया है। प्रशासन को पत्र भेजकर दी जानकारी।

Ganga Water Level Rises : पटना गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जेपी गंगा पथ के नीचे अस्थायी दुकानें लगाकर रोजी-रोटी चला रहे दुकानदारों के सामने एक बार फिर संकट खड़ा हो गया है. पानी बढ़ने से गंगा किनारे ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे कारोबार प्रभावित होने लगा है. ऐसे में शुक्रवार को मरीन ड्राइव दुकानदार संघ की बैठक हुई, जिसमें 280 दुकानदारों ने फिर से जेपी गंगा पथ पर दुकान लगाने का निर्णय लिया.

दुकानदार संघ ने इस संबंध में नगर आयुक्त यशपाल मीणा को पत्र भेजकर अपने फैसले की जानकारी दी है. पत्र की प्रतिलिपि नगर विकास मंत्री, जिलाधिकारी, एडीएम और पाटलिपुत्र अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी को भी भेजी गई है.

पक्की दुकान का आश्वासन, अब तक नहीं मिली जगह

दुकानदार संघ के अनुसार, तीन अगस्त 2023 को हुई टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर 10 जुलाई 2025 को मरीन ड्राइव के दुकानदारों का सर्वे कराया गया था. अधिकारियों की मौजूदगी में 280 दुकानदारों के आधार कार्ड का मिलान, फोटो और हस्ताक्षर का सत्यापन कर दुकान नंबर आवंटित किया गया था. दुकानदारों को इसकी पावती भी दी गई थी.

संघ का कहना है कि उस समय प्रशासन ने जल्द पक्की दुकान उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर दुकानदारों को वहां से हटा दिया था. लेकिन लंबे समय बाद भी न तो उन्हें दुकान मिली और न ही स्थायी रूप से कारोबार करने की जगह उपलब्ध कराई गई.

45 दिन में व्यवस्था का मिला था आश्वासन

दुकानदारों ने बताया कि जनवरी 2026 में गंगा पथ पर लगाए गए प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों को भी हटा दिया गया था. इन्हें संबंधित वेंडरों को उपलब्ध कराने की बात कही गई थी. इसके विरोध में दुकानदारों ने फरवरी 2026 में धरना-प्रदर्शन किया था. उस दौरान 45 दिनों के भीतर सभी वेंडरों के लिए समुचित व्यवस्था करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

बताया गया था कि दीघा रोटरी के पास खाली प्लॉट में वेंडिंग जोन बनाया जाएगा. हालांकि, यह योजना भी फिलहाल आगे नहीं बढ़ सकी.

31 प्रस्तावित वेंडिंग जोन में बसाने की तैयारी

गंगा पथ को नो-वेंडिंग जोन के रूप में विकसित किए जाने के बाद दुकानदारों ने गंगा किनारे नीचे अस्थायी दुकानें लगाकर कारोबार शुरू किया था. अब जलस्तर बढ़ने से वहां दुकान लगाना मुश्किल हो गया है. इससे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

दुकानदार संघ का कहना है कि जब तक स्थायी वेंडिंग जोन में उन्हें जगह नहीं मिलती, तब तक वे जेपी गंगा पथ पर ही दुकान लगाने को मजबूर होंगे. हालांकि, नगर निगम की ओर से शहर में प्रस्तावित 31 वेंडिंग जोन में इन दुकानदारों को शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है. बैठक में संघ के अध्यक्ष मणिकांत, उपाध्यक्ष रमन, महादेव, पुष्कर, मुन्ना, विवेक, संतोष सहित अन्य दुकानदार मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

हिमांशु देव सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >