‘मुंबई में न घर, न पहचान’: छह माह तक निजी कंपनी में की नौकरी, OTT की स्टार बनीं Anjali Krishna बोलीं- दृश्यम से शुुरु की थी फिल्मी करियर

अभिनेत्री अंजलि कृष्णा ने मॉडलिंग से एक्टिंग तक के सफर, मुंबई में संघर्ष और ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ में प्रेरणा के किरदार से मिली पहचान पर बात की. उन्होंने कुलदीप के साथ अपनी केमिस्ट्री व दर्शकों के प्यार को लेकर खुशी जताई. अंजलि ने बताया कि अब वह चुनौतीपूर्ण, भावनात्मक किरदार करना चाहती हैं.

Anjali Krishna Interview: ओटीटी सीरीज ठुकरा के मेरा प्यार (Thukra Ke Mera Pyaar) से दर्शकों के बीच अभिनेत्री अंजलि कृष्णा ने अपनी खास पहचान बनाई है. सीरीज में उनके किरदार को काफी पसंद किया गया. हालांकि, नवादा (बिहार) की रहने वाली अंजलि के लिए मुंबई तक का यह सफर आसान नहीं था. बैंगलोर से फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अभिनय का सपना लेकर मुंबई पहुंची थीं. तब कोरोना की दूसरी लहर चल रही थी. शहर में न कोई घर था, न ही कोई पहचान. ऑडिशन कहां होते हैं, इसका भी पता नहीं था.

अंजलि ने पहले 6 महीने तक एक निजी कंपनी में नौकरी की और फिर बैरी जॉन से एक्टिंग सीखी. उन्होंने इंस्टाग्राम व ईमेल के जरिए कास्टिंग डायरेक्टर्स को अपने प्रोफाइल भेजे. पहला विज्ञापन मिलने के बाद उन्हें ‘दृश्यम’ सीरीज में टेररिस्ट जैनब का रोल मिला. इसी परफॉर्मेंस के दम पर उन्हें ठुकरा के मेरा प्यार में एसडीएम प्रेरणा का रोल मिला. अंजलि ने प्रभात खबर से विशेष बातचीत की. पढ़ें उनसे हुई बातचीत के प्रमुख अंश.

Also Read: Mirzapur Movie में सोनल चौहान की एंट्री: मुमताज बीबी बनकर लगाया ग्लैमर का तड़का; बोलीं-आइकॉनिक शो का हिस्सा बनने पर नर्वस थी

Q. मॉडलिंग से पहचान बनाने के बाद एक्टिंग में कदम रखना आपके लिए कितना चुनौतीपूर्ण रहा?

- जब मैं मुंबई आई तो मेरे पास कोई पहचान या गॉडफादर नहीं था. कोरोना की दूसरी लहर के कारण सारे ऑफिस बंद थे और मुझे ऑडिशन्स का पता भी नहीं था. मैंने सर्वाइवल के लिए पहले एक निजी कंपनी में छह माह तक नौकरी की.

फिर नौकरी छोड़कर बैरी जॉन से एक्टिंग कोर्स किया. कोर्स के बाद मुझे समझ आया कि कैमरे का सामना कैसे करना है. मैंने इंस्टाग्राम व ईमेल के जरिए कास्टिंग डायरेक्टर्स को अपने प्रोफाइल भेजे. काफी संघर्ष के बाद मुझे एक बाम का पहला ऐड मिला. इस सफर में धैर्य और निरंतरता बनाए रखना ही सबसे बड़ी चुनौती रही.

Q. ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ में आपका सिलेक्शन कैसे हुआ और शूटिंग के पहले दिन का अनुभव कैसा था?

- सीरिज ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ से पहले मैंने इसी प्रोडक्शन हाउस के साथ दृश्यम शो किया था. उसमें मैंने जैनब नाम की टेररिस्ट का रोल निभाया था. उन्हें मेरी परफॉर्मेंस पसंद आई, इसलिए उन्होंने मुझे ठुकरा के मेरा प्यार के पहले सीजन के लिए अप्रोच किया. उसमें भी रोल छोटा था, पर कहानी का अहम हिस्सा है. दर्शकों के प्यार को देखते हुए मेकर्स ने दूसरे सीजन में मेरे रोल को और बड़ा बना दिया.

शूटिंग के पहले दिन का अनुभव बहुत यादगार रहा. सेट पर सभी लोग काफी सपोर्टिव और वेलकमिंग थे. टीम के इस व्यवहार की वजह से कैमरे का सामना करना मेरे लिए काफी आसान हो गया.

Also Read: रवि किशन की तारीफ में पंकज त्रिपाठी ने कह दी ये बात, भोजपुरी फिल्मों पर बोले- अवस्था सही नहीं, अच्छी फिल्म बनाना चाहूंगा

Q. सीरीज में धवल ठाकुर के साथ आपकी केमिस्ट्री को दर्शक बहुत पसंद कर रहे हैं. उनके साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?

- कुलदीप (Dhaval Thakur) के साथ काम करने का अनुभव बहुत शानदार रहा. वह बहुत ही प्यारे इंसान हैं और उनकी वजह से सेट पर माहौल बहुत सहज हो जाता था. पहले सीजन में मेरे लगभग सारे सीन्स सिर्फ उनके साथ ही थे. हालांकि यह उनका पहला प्रोजेक्ट था, लेकिन उन्होंने इतने बेहतरीन तरीके से परफॉर्म किया कि बिल्कुल नहीं लगा कि वह नए हैं. दर्शकों को हमारी केमिस्ट्री बहुत पसंद आ रही है और लोग मैसेजेस करके बता रहे हैं कि वे इस कहानी से प्रेरणा ले रहे हैं. कुलदीप अब मेरे बहुत अच्छे दोस्त बन चुके हैं.

Q. पर्दे पर आपने जिस किरदार को जिया है, वह असल जिंदगी की अंजलि कृष्णा से कितना मेल खाता है?

- पर्दे पर प्रेरणा का किरदार मेरी असल जिंदगी से बहुत ज्यादा मेल खाता है. पहले सीजन में प्रेरणा काफी चुलबुली और बातूनी थी. मैं खुद भी रियल लाइफ में बहुत बातें करती हूं और किसी से भी जल्दी घुल-मिल जाती हूं. मुझे नए दोस्त बनाना बहुत पसंद है. जिस तरह प्रेरणा ने सीरीज में अपनी दोस्ती दिल से निभाई, ठीक वैसे ही मैं भी अपने दोस्तों के लिए हमेशा जी-जान से खड़ी रहती हूं. मेरे दोस्त भी मेरे लिए उतने ही वफादार हैं. हम दोनों का स्वभाव और दोस्ती निभाने का तरीका बिल्कुल एक जैसा है, इसीलिए यह रोल मेरे दिल के बहुत करीब है.

Q. प्रेरणा के किरदार निभाने के बाद आपकी जिंदगी में क्या-क्या बड़े बदलाव आए हैं? प्रशंसकों से कैसा फीडबैक मिल रहा है?

- प्रेरणा के किरदार निभाने के बाद मेरी जिंदगी में बहुत खूबसूरत बदलाव आए हैं. सोशल मीडिया पर अचानक 2-3 लाख फॉलोअर्स बढ़ गए, जो मेरे लिए अनबिलीवेबल था. लोग मुझे बहुत ही प्यारे मैसेजेस भेज रहे हैं. अब जब भी मैं बाहर जाती हूं, तो लोग मुझे पहचान लेते हैं कि मैं ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ में थी. किसी भी कलाकार के लिए अपने काम से पहचाने जाना सबसे बड़ी बात होती है. यह सब देखकर दिल खुशी से भर जाता है. हालांकि, मैं अभी भी लगातार ऑडिशन्स दे रही हूं और आने वाले समय में भी लोगों को प्राउड फील कराना चाहती हूं.

Q. इस सफलता के बाद अब आप खुद को किस तरह के किरदारों में देखना चाहती हैं और आपका ड्रीम रोल क्या है?

- मैं ऐसे किरदार निभाना चाहती हूं जिनमें इमोशनल डेप्थ व कई परतें हों. मेरा ड्रीम रोल हमेशा से फिल्म देवदास की ‘पारो’ या उमराव जान का रहा है. मुझे रॉकस्टार का ‘जॉर्डन’ जैसा किरदार भी बहुत पसंद है. मैं पर्दे पर एक ऐसा रोल करना चाहती हूं जहां हंसने, रोने, टूटने ‌ परफॉर्म करने का पूरा मौका मिले. आने वाले समय में मेरे दो प्रोजेक्ट्स रिलीज होने वाले हैं. इसमें ‘दिल चीर के देख’ व एक अन्य सीरीज ‘गुलगुला’ है. मुझे उम्मीद है कि दर्शक मेरे आने वाले काम को भी उतना ही प्यार देंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

हिमांशु देव सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >