Nitish Kumar: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सदस्य एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार रविवार को पटना स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे और बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. अचानक अस्वस्थ होने के बाद अस्पताल में भर्ती कुशवाहा के शीघ्र स्वस्थ होने की नीतीश कुमार ने कामना की.
चिकित्सकों से उपचार की ली जानकारी
नीतीश कुमार ने चिकित्सकों से भगवान सिंह कुशवाहा के स्वास्थ्य, चल रहे उपचार और चिकित्सा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली. चिकित्सकों ने बताया कि कुशवाहा को करीब 20 दिनों तक पूर्ण विश्राम की आवश्यकता है. नीतीश कुमार ने चिकित्सकों को उनके बेहतर इलाज और समुचित देखभाल के निर्देश दिये.
श्री कुशवाहा से की मुलाकात, बढ़ाया हौसला
नीतीश कुमार ने भगवान सिंह कुशवाहा से आत्मीय संवाद करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना और उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि कुशवाहा जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें.
कई पार्टी नेता रहे मौजूद
मुलाकात के दौरान विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता सह पार्टी कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ और मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’ सहित पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Also Read: 7 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की मंजूरी से बिहार के लोगों को कैसे होगा फायदा? जानिए सबकुछ
