चुनावी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट, छह जख्मी

दो पक्षों में मारपीट, छह लोग घायल हो गये.

मसौढ़ी. धनरूआ थाना के छितरौली गांव में चुनावी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी. इस मारपीट में दोनों पक्षों से एक महिला समेत छह लोग घायल हो गये. इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से धनरूआ थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है. पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों से एक-एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मिली जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार की शाम स्थानीय गांव निवासी टुनटुन पासवान अपने घर के बगल में आम के पेड़ के नीचे बैठा था. आरोप है कि तभी वहां आठ-दस की संख्या में लोग हरवे हथियार के साथ पहुंचे और उस पर एक पार्टी विशेष के पक्ष में मतदान करने का आरोप लगा गाली गलौज कर मारपीट करने लगे. इस घटना में टुनटुन पासवान को उसे बचाने आये धर्मेंद्र पासवान व नवलेश पासवान का सिर फट गया. सभी आरोपितों ने लोहे के रॉड से वार कर तीनों को लहूलुहान कर दिया. इधर दूसरे पक्ष ने गांव के नवलेश पासवान, धर्मेंद्र पासवान व टुनटुन पासवान समेत अन्य लोगों पर शौच करने जा रही एक महिला के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगा प्राथमिकी दर्ज कराई है. साथ ही यह भी आरोप है कि उन लोगों ने महिला को लोहे के रॉड से मारकर उसका सिर फोड़ दिया व बचाने आये उसके पति, देवर व भैंसुर को भी मारपीट कर लहूलुहान कर दिया. इधर पुलिस ने इस मामले में एक पक्ष से नवलेश पासवान व दूसरे पक्ष से गणेश पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि घटना चुनावी रंजिश को लेकर हुई है. पुलिस इस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >