Patna News : बिहटा में 16वें भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), पटना में ‘जुग-जुग जियो अभियान’ के तहत अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और कर्मचारियों को अंगदान के महत्व की जानकारी देना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना था.
अंगदान से मिल सकता है जरूरतमंद को नया जीवन
कार्यक्रम में मोहन फाउंडेशन की प्रतिनिधि रश्मि राज ने कहा कि अंगदान मानवता की सेवा का महान कार्य है. इसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है. उन्होंने लोगों से अंगदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और इस नेक पहल से जुड़ने की अपील की.
एक व्यक्ति का अंगदान बचा सकता है कई जिंदगियां
एफडीडीआई पटना के कार्यकारी निदेशक नीरज कुमार ने कहा कि अंगदान मानवता की सेवा का बेहतरीन माध्यम है. एक व्यक्ति के अंगदान से कई जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है. अंगदाता की याद उसके दान किए गए अंगों और ऊतकों के माध्यम से दूसरों के जीवन में बनी रहती है.
विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी ने अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और इसे जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान ‘एक अंगदाता, अनेक जीवन’ का संदेश दिया गया.
