पटना में छेड़खानी का विरोध करने पर परिवार पर हमला, महिला समेत कई लोग घायल

छेड़खानी का विरोध करने पर परिवार पर हमला. महिला समेत कई सदस्य घायल, गंभीर हालत में रेफर. कादिरगंज में पुरानी रंजिश का मामला. पुलिस जांच में जुटी.

Patna Crime News : कादिरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला से कथित छेड़खानी का विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में महिला समेत परिवार के कई लोग घायल हो गये. घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना बीती रात की बतायी जा रही है.

महिला से छेड़खानी का आरोप

पीड़ित सुरेंद्र पासवान के अनुसार, उनकी बहू ममता देवी गांव के बाहर शौच के लिए गयी थीं. आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही राजीव पासवान, सूरज पासवान, अजीत पासवान, राजेश पासवान और राधिका देवी ने उन्हें घेर लिया और छेड़खानी की. ममता देवी के विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.

बचाने पहुंचे परिजनों से भी मारपीट

ममता देवी के शोर मचाने पर सुरेंद्र पासवान और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे. आरोप है कि आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की. सुरेंद्र पासवान के सिर पर लोहे की रॉड से वार किये जाने की बात बतायी गयी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं अन्य लोगों के साथ भी लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.

पुरानी रंजिश में हमला करने का आरोप

परिजनों ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बीते दो अप्रैल को परिवार की दूसरी बहू की हत्या हुई थी. परिजनों के अनुसार, उक्त मामले में गवाही नहीं देने और समझौता करने के लिए आरोपित पक्ष की ओर से दबाव बनाया जा रहा था. समझौता नहीं करने पर हमला किये जाने का आरोप परिजनों ने लगाया है.

गंभीर घायलों को पीएमसीएच भेजा गया

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.

आवेदन के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

कादिरगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता का पता लगाया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >