Patna Crime News : पटना जिले के कंकड़बाग के प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाले डॉक्टर दंपती को फोन कर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी. इस संबंध में डॉ. उमाशंकर प्रसाद ने पत्रकार नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. डॉक्टर ने पुलिस को वह मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया है, जिससे धमकी भरा कॉल आया था.
कई बार फोन कर दी जान से मारने की धमकी
डॉ. उमाशंकर प्रसाद के अनुसार, उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कई बार फोन किया. फोन रिसीव करने पर आरोपित ने अपशब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी. आरोपित ने कहा कि अगर 30 लाख रुपये नहीं दिए गए तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
इसके बाद आरोपित ने उनकी पत्नी के मोबाइल पर भी फोन किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी. लगातार धमकी भरे कॉल आने से डॉक्टर दंपती डर गए. इसके बाद उन्होंने पत्रकार नगर थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी और प्राथमिकी दर्ज कराई.
नवादा के वारिसलीगंज में मिला मोबाइल का लोकेशन
केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में मोबाइल का लोकेशन नवादा जिले के वारिसलीगंज का मिला है. पुलिस ने मोबाइल नंबर से जुड़े नाम और पते का भी सत्यापन कर लिया है.
साइबर बदमाशों की करतूत का शक
पत्रकार नगर थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में यह मामला साइबर बदमाशों की करतूत प्रतीत हो रहा है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका की जांच कर रही है. इस घटना से एक बार फिर सामने आया है कि साइबर अपराधी अब ऑनलाइन ठगी के साथ ही फोन पर धमकी देकर रंगदारी वसूलने की कोशिश भी कर रहे हैं.
