पालीगंज में दीपंकर भट्टाचार्य का सरकार पर हमला, छात्र दमन और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा

भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने पालीगंज में आयोजित संकल्प सभा में केंद्र और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने छात्र आंदोलनों को दबाने, शिक्षा में भ्रष्टाचार और सफाईकर्मियों की हड़ताल जैसे मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया.

Patna News : पालीगंज में भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने गुरुवार को पालीगंज हाई स्कूल खेल मैदान में आयोजित संकल्प सभा में केंद्र और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, शिक्षा में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, नहरों में पानी, गरीबों के वास-आवास और सफाईकर्मियों की हड़ताल जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि नई पीढ़ी बेहतर भारत के लिए संघर्ष कर रही है और पार्टी उनके साथ खड़ी है.

'छात्र आंदोलनों को दबाने की कोशिश हो रही'

दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि पहले छात्र आंदोलनों से देश को नेतृत्व मिलता था, लेकिन आज की सरकार नहीं चाहती कि गरीब और आम लोगों की आवाज उठाने वाले छात्र नेता बनें. उन्होंने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ युवाओं के आंदोलन ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया है और अब स्कूली बच्चे भी अपने विद्यालयों में भ्रष्टाचार का हिसाब मांग रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री से शिक्षा व्यवस्था और परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार पर माफी मांगने की बात कही.

सफाईकर्मियों की हड़ताल और शराबबंदी पर भी उठाए सवाल

उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सफाईकर्मी एक सप्ताह से हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है. साथ ही आरोप लगाया कि शराबबंदी कानून के नाम पर गरीबों को प्रताड़ित किया जा रहा है, जबकि शराब माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती.

'छात्रों पर कार्रवाई का जवाब दे सरकार'

पालीगंज विधायक संदीप सौरभ ने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल नहीं रहने वाले लोगों को भी गिरफ्तार किया गया. उन्होंने कहा कि सरकार को जवाब देना होगा कि छात्रों पर एके-47 और पैलेट गन जैसी कार्रवाई क्यों की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के सरकारी स्कूलों को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर किया जा रहा है और इसके खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि सरकारी दमन से आंदोलनकारी न डरेंगे और न पीछे हटेंगे.

कई नेताओं ने किया संबोधित

सभा को ऐपवा नेत्री लीला वर्मा, पूर्व विधायक महानंद सिंह, पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद, किसान नेता मंगल यादव, गोपाल रविदास, मुखिया आनंद यादव, आइसा अध्यक्ष धनंजय, भाकपा (माले) पोलित ब्यूरो सदस्य कॉ. अमर, कमलेश कुमार और सत्यनारायण प्रसाद सहित कई नेताओं ने संबोधित किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन अनवर हुसैन ने किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sikandar kumar paliganj

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >