मसौढ़ी के धनरूआ थाना क्षेत्र के मोरियावां गांव निवासी युवा कारोबारी निवेश कुमार उर्फ बिक्की (26) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को धनरूआ बाजार बंद रहा. युवा व्यवसायी की मौत से मर्माहत स्थानीय दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं और उन्हें श्रद्धांजलि दी. बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा.
युवा कारोबारी की मौत से इलाके में शोक
बताया जाता है कि निवेश कुमार शादीशुदा था और उसकी करीब डेढ़ वर्ष की बेटी है. वह पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के विग्रहपुर रोड नंबर-दो स्थित मकान में रहकर ट्रेवल एजेंसी चलाता था. इसके अलावा धनरूआ बाजार में उसका ए टू जेड नाम से मॉल भी संचालित होता था. निवेश की मौत की खबर मिलते ही मोरियावां गांव से लेकर धनरूआ बाजार तक शोक की लहर दौड़ गयी.
मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
निवेश कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. मामले की जानकारी मिलने के बाद जक्कनपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की उम्मीद है.
व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी श्रद्धांजलि
युवा कारोबारी की मौत से दुखी धनरूआ के व्यापारियों ने एकजुट होकर सोमवार को बाजार की दुकानें बंद रखीं. व्यापारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. बाजार बंद रहने से दिनभर अधिकांश दुकानें नहीं खुलीं और इलाके में शोक का माहौल बना रहा. श्रद्धांजलि देने वालों में नाथुन महतो, धीरज साव, दिलीप कुमार, रविंद्र शर्मा, प्रमोद शर्मा, योगेंद्र चंद्रवंशी, सौरभ कुमार, अरविंद महतो और पिंटू कुमार समेत अन्य दुकानदार शामिल रहे.
