Patna Cyber Crime: मोबाइल चोरी से लेकर बिजली कनेक्शन काटने तक, साइबर ठगों ने 6.55 लाख उड़ाए

पटना में साइबर ठगी के बढ़ते मामले लोगों को चिंता में डाल रहे हैं. मोबाइल चोरी के बाद खाते से पैसे निकलना, बिजली कनेक्शन काटने का डर दिखाकर ठगी और अनजान लिंक पर क्लिक करने से क्रेडिट कार्ड से लाखों की निकासी जैसे मामले सामने आए हैं. जानें इन घटनाओं से कैसे सुरक्षित रहें.

Patna Cyber Crime: राजधानी में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. अलग-अलग तरीकों से साइबर बदमाश लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से रकम निकाल रहे हैं. धनरूआ के निजामत गांव निवासी ओकिल कुमार का मोबाइल फोन चोरी होने के बाद उनके बैंक खाते से 3.38 लाख रुपये की निकासी कर ली गयी. वहीं, चिरैयाटांड़ निवासी रोहन कुमार को बिजली कनेक्शन काटने का डर दिखाकर 3.17 लाख रुपये की ठगी कर ली गयी. इसके अलावा शाहपुर के मठियापुर निवासी चंदन कुमार के क्रेडिट कार्ड से दो लाख रुपये और न्यू मार्केट के मोबाइल दुकानदार शाहनवाज आलम से 88 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. सभी मामलों में साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है.

मोबाइल चोरी के बाद खाते से 3.38 लाख की निकासी

धनरूआ के निजामत गांव निवासी ओकिल कुमार भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के बाद बासुकीनाथ गये थे. इसी दौरान उनका मोबाइल फोन गुम हो गया. मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज करा दी, लेकिन सिम कार्ड को ब्लॉक नहीं कराया.

इसके बाद उन्होंने दूसरा मोबाइल फोन और सिम कार्ड ले लिया. कुछ समय बाद जब उन्होंने बैंक खाते की जानकारी ली, तो पता चला कि खाते से 3.38 लाख रुपये की निकासी हो चुकी है. इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का पता चला और उन्होंने साइबर थाने में मामला दर्ज कराया.

साइबर अपराधियों ने मोबाइल और सिम का फायदा उठाकर खाते से इतनी बड़ी रकम निकाल ली. इस घटना के बाद मोबाइल फोन गुम होने पर सिर्फ गुमशुदगी की शिकायत करना ही नहीं, बल्कि सिम को तत्काल बंद कराना भी जरूरी है.

बिजली कनेक्शन कटने का डर दिखाकर 3.17 लाख उड़ाए

चिरैयाटांड़ निवासी रोहन कुमार को साइबर बदमाशों ने फोन किया. कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि उनका बिजली बिल अपडेट नहीं है. बदमाशों ने रोहन से कहा कि उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा जा रहा है, जिसके जरिये 10 रुपये का भुगतान करना होगा. ऐसा नहीं करने पर बिजली कनेक्शन काटने की धमकी दी गयी.

बिजली कनेक्शन कटने के डर से रोहन ने भेजे गये लिंक के माध्यम से 10 रुपये का भुगतान करने का प्रयास किया. इसी दौरान उनका मोबाइल हैक हो गया. इसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 3.17 लाख रुपये निकाल लिये.

घटना के बाद रोहन को अपने साथ हुई ठगी की जानकारी मिली. उन्होंने मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज करायी है. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है.

लिंक पर क्लिक करते ही क्रेडिट कार्ड से निकले दो लाख

शाहपुर के मठियापुर निवासी चंदन कुमार भी साइबर ठगी का शिकार हो गये. उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया था. जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया.

इसके बाद साइबर बदमाशों ने उनके क्रेडिट कार्ड से दो अलग-अलग बार में कुल दो लाख रुपये की निकासी कर ली. खाते से रकम निकलने के बाद चंदन को घटना की जानकारी हुई. उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी है.

साइबर अपराधियों की ओर से भेजे जाने वाले अनजान लिंक को लेकर लगातार लोगों को सतर्क किया जा रहा है. इसके बावजूद लोग कई बार लालच, डर या जल्दबाजी में ऐसे लिंक पर क्लिक कर देते हैं और अपना आर्थिक नुकसान करा बैठते हैं.

सस्ते फोन कवर का झांसा देकर मोबाइल दुकानदार से 88 हजार की ठगी

चिरैयाटांड़ इलाके में रहने वाले मोबाइल दुकानदार शाहनवाज आलम की न्यू मार्केट में दुकान है. साइबर बदमाशों ने उन्हें फोन कवर सस्ते दाम में उपलब्ध कराने का झांसा दिया. सामान सस्ता मिलने की उम्मीद में वे साइबर अपराधियों के संपर्क में आ गये.

बदमाशों ने उनसे 88 हजार रुपये की रकम ले ली. इसके बाद जब उन्हें फोन कवर का सामान नहीं मिला, तो उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी.

सावधानी ही साइबर ठगी से बचने का उपाय

इन घटनाओं में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीके अपनाये. कहीं मोबाइल चोरी होने के बाद सिम का इस्तेमाल कर खाते से रकम निकाल ली गयी, तो कहीं बिजली कनेक्शन काटने का डर दिखाया गया. एक मामले में लिंक पर क्लिक करवाकर मोबाइल हैक किया गया, जबकि मोबाइल दुकानदार को सस्ते सामान का लालच देकर ठगी की गयी.

Also Read : पटना में 25 हजार का इनामी अपराधी रौशन उर्फ बिट्टू गिरफ्तार, 29 फरार अपराधियों की सूची में था शामिल



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नितीश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >