पैक्स चुनाव में बूथ बदलने की मांग को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन

26 नवंबर को होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर देवरिया के लोगों ने बड़कीबाग में बनाये गये दो मतदान केंद्रों को देवरिया में बनाने की मांग की है.

प्रतिनिधि, मसौढ़ी

आगामी 26 नवंबर को होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर देवरिया के लोगों ने बड़कीबाग में बनाये गये दो मतदान केंद्रों को देवरिया में बनाने की मांग की है. देवरिया पैक्स का मतदान केंद्र देवरिया में बनाने की मांग को लेकर देवरिया गांव व उसके आसपास के गांवों के मतदाताओं ने सोमवार को देवरिया मोड़ के पास प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में शामिल मतदाताओं का कहना है कि देवरिया पंचायत में 14 गांव शामिल हैं. इसमें पैक्स चुनाव को लेकर चार मतदान केंद्र बनाये गये है. दो मतदान केंद्र बड़कीबाग पैक्स गोदाम में बने हैं और दो मतदान केंद्र मध्य विद्यालय, बड़कीबाग में बनाये गये है. उनका कहना है कि देवरिया से बड़कीबाग की दूरी करीब सात किलोमीटर है. मतदाताओं को इतनी लंबी दूरी तय कर मतदान करने में परेशानी होगी. उन्होंने मध्य विद्यालय, बड़कीबाग में बने दो बूथों को देवरिया मध्य विद्यालय में स्थानांतरित करने की मांग की अन्यथा मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी दी. प्रदर्शन में रंजीत प्रसाद केसरी, सत्यानंद प्रसाद सिंह, राजकुमार, रंजीत कुमार,लक्ष्मी देवी, मीणा देवी समेत अन्य कई मतदाता शामिल थे. हालांकि बताया जाता है कि वर्ष 2009 में देवरिया में ही पैक्स चुनाव का मतदान केंद्र बनाया गया था. लेकिन वहां मतदान के दौरान हुए हंगामा और मतदान केंद्र की सुरक्षा को लेकर उसके बाद मतदान केंद्र बड़कीबाग में बनाया जाने लगा. इधर, बीडीओ प्रभाकर कुमार ने बताया कि पैक्स चुनाव का मतदान केंद्र पंचायत मुख्यालय में ही बनाना है. मामले को अपने स्तर से देख रहे हैं. उसके बाद विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >