Patna Crime: दानापुर के चर्चित सोनू हत्याकांड का पुलिस ने चार दिन के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक पिस्तौल, एक खोखा, एक अन्य पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों में कागजी मोहल्ला निवासी राजू कुमार उर्फ कालिया, सूरज कुमार और बीटू, चांदमारी शाहपुर निवासी नारायण कुमार, इमलीताल निवासी बंटी कुमार तथा जनकधारी लाल रोड निवासी बिट्टू कुमार शामिल हैं.
पिस्टल विवाद में हुई थी हत्या
एसडीपीओ अजीत कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 24 जुलाई 2026 की शाम इमलीताल इलाके के पोस्ट ऑफिस गली में पिस्टल को लेकर हुए विवाद में सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मृतक की मां शशिकला देवी ने स्थानीय थाने में राजू उर्फ कालिया के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था.
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
एसडीपीओ ने बताया कि सिटी एसपी पश्चिमी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मुख्य आरोपी राजू कुमार उर्फ कालिया को नासरीगंज घाट से गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
दोस्ती बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनू ने 3 एमएम का एक पिस्टल खरीदा था, जिसे उसने रखने के लिए राजू उर्फ कालिया को दिया था. इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी. बाद में सोनू ने अपनी पिस्टल वापस मांगी. पिस्टल नहीं मिलने पर वह उसके बदले रुपये की मांग कर रहा था. राजू न तो पिस्टल लौटा रहा था और न ही रुपये देने को तैयार था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. इसके बाद राजू ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी.
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ पूरी कर ली गई है. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
Also Read: तेज प्रताप यादव की जेल से रिहाई पर गुस्से में छात्र, बोले- यहां वीआईपी कल्चर चल रहा
