पटना: बंद घर का ताला तोड़कर छह लाख की संपत्ति ले उड़े चोर, घटना सीसीटीवी में कैद

दानापुर में बेखौफ चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया. ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी की चोरी की गई. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दो संदिग्ध चोर नजर आ रहे हैं.

Theft in Danapur : दानापुर में बेखौफ चोरों ने दानापुर थाना क्षेत्र के एसकेपुरम लेन-8 स्थित बंद घर का ताला तोड़कर करीब छह लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. चोरों ने घर से 30 हजार रुपये नकद समेत सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ किया. चोरी की पूरी वारदात घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है, जिसमें दो संदिग्ध चोरों की तस्वीर सामने आयी है. पीड़िता मौसम कुमारी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ दानापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

रिश्तेदार के यहां गयी थी महिला

प्राथमिकी में मौसम कुमारी ने बताया कि वह पति मुकेश कुमार के साथ आर्य समाज रोड, एसकेपुरम लेन-8 में विजय शंकर गुप्ता के मकान में किराये पर रहती हैं. 11 सितंबर को घर में ताला बंद कर वह रिश्तेदार के यहां चली गयी थीं. 12 सितंबर की शाम घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. अंदर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था.

आलमारी तोड़कर ले गये नकदी और जेवर

मौसम कुमारी के अनुसार, चोरों ने कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिये. इसके अलावा दो सोने की चेन, सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमका, एक सोने की कानबाली और दो सोने की अंगूठियां भी गायब थीं. पीड़िता ने चोरी गये सामान की कुल कीमत करीब छह लाख रुपये बतायी है.

सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध

घर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद डायल-112 पर सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध चोरों की तस्वीर सामने आयी है.

पहचान में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों की तस्वीर मिली है. फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >