Patna News : दानापुर नगर परिषद प्रशासन ने सोमवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान तकियापर समेत आसपास के क्षेत्रों की दो दर्जन से अधिक दुकानों की जांच की गई. टीम को देखते ही कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कुछ दुकान छोड़कर फरार हो गए.
500 रुपये जुर्माना, 5 किलो प्लास्टिक जब्त
छापेमारी के दौरान नगर परिषद की टीम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते पाए जाने पर 500 रुपये जुर्माना वसूला. साथ ही करीब पांच किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया.
एसडीओ के निर्देश पर चली कार्रवाई
छापेमारी का नेतृत्व नगर परिषद की स्वच्छता अधिकारी अर्पणा कुमारी ने किया. उन्होंने बताया कि एसडीओ सह नगर परिषद के प्रभारी प्रशासक अनिरुद्ध पाण्डेय के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया. उन्होंने कहा कि राज्य में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लागू है, इसके बावजूद कुछ दुकानदार इसका उपयोग कर रहे थे, जिसके खिलाफ कार्रवाई की गई.
लोगों से पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने की अपील
स्वच्छता अधिकारी ने लोगों और दुकानदारों से पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करने की अपील की. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह का जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
पर्यावरण के लिए घातक है सिंगल यूज प्लास्टिक
नगर परिषद के अनुसार, 40 माइक्रॉन से कम मोटाई वाली पॉलिथीन पर्यावरण के लिए बेहद नुकसानदायक होती है. सस्ती होने के कारण इसका व्यापक उपयोग किया जाता है, लेकिन उपयोग के बाद इसे खुले में फेंक दिए जाने से पर्यावरण और स्वच्छता पर गंभीर असर पड़ता है. इसलिए प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
