Flood Relief Camp: मंत्री रामकृपाल यादव ने सोमवार शाम बलदेव स्कूल परिसर में संचालित बाढ़ राहत शिविर सह सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर शिविर में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. मंत्री ने बच्चों को दूध मिलने के संबंध में भी जानकारी ली तथा भोजन और पशुओं के चारे की व्यवस्था के बारे में बाढ़ पीड़ितों से पूछा.
दाल-भात और सब्जी मिलने की शिकायत
शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों ने मंत्री से शिकायत की कि दोनों समय दाल-भात और सब्जी दी जा रही है. पीड़ितों ने दियारा क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों की व्यवस्था कराने की भी मांग की.
इस पर मंत्री ने एसडीओ को दियारा क्षेत्र के अस्पताल में एमबीबीएस चिकित्सक पदस्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि दियारा के लोगों को समुचित उपचार मिल सके.
सामुदायिक किचन में भोजन की गुणवत्ता देखी
मंत्री रामकृपाल यादव ने सामुदायिक किचन में तैयार किये जा रहे भोजन का भी जायजा लिया. आलू-चना की सब्जी में चना कम मिलने पर उन्होंने नाराजगी जतायी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों को निर्धारित मात्रा में समुचित भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
मंगलवार को सीएम करेंगे शिविर का निरीक्षण
मंत्री ने बताया कि मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाढ़ राहत शिविर सह सामुदायिक किचन का निरीक्षण करने आयेंगे. उन्होंने बताया कि इसे लेकर रविवार को जिलाधिकारी ने भी शिविर का जायजा लिया था.
अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एसडीओ वीरूपाक्ष विक्रम सिंह, डीसीएलआर प्रवीण चंदन, सीओ दिलीप कुमार गुप्ता, भाजपा नेता भाई सनोज यादव, विजय कुमार भोटी, विजेंद्र कुमार, अखिलेश कुमार उर्फ मुटूर साव, राजेश शर्मा, उपेंद्र सिंह, शशि कुमार, टिंकू कुमार, शशि शर्मा, अजीत यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
