पटना: लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती को लेकर विवाद और गोलीबारी कांड में राहुल उर्फ गब्बर गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

Patna live in relationship: रूपसपुर थाना क्षेत्र के विजय नगर में गोलीबारी की घटना के मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ गब्बर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर पिस्टल और अन्य हथियार बरामद हुए हैं. दोनों घायलों का इलाज चल रहा है.

Patna live in relationship : पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के विजय नगर में युवती को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट और गोलीबारी की घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ गब्बर को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर उसके किराये के मकान से एक पिस्टल, दो खोखा, पिस्टलनुमा लाइटर और पिलेट बरामद किया गया है. पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार राहुल कुमार उर्फ गब्बर भोजपुर जिले के गांगी स्थित सिंह कॉलोनी का मूल निवासी है और वर्तमान में रूपसपुर के विजय नगर में किराये के मकान में रह रहा था.

युवती को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, मुस्कान कुमारी पिछले कई महीनों से राहुल उर्फ गब्बर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. रविवार की देर रात मुस्कान के मुंहबोले चाचा विनायक सिंह, जो बोरिंग रोड के निवासी हैं, विजय नगर पहुंचे थे. बताया गया कि मुस्कान उनके वाहन में बैठ गई थी.

इसी बात को लेकर राहुल और विनायक सिंह के बीच पहले नोकझोंक हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई. आरोप है कि राहुल ने पिस्टल निकालकर विनायक सिंह पर गोली चला दी. इस घटना में विनायक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक गोली मुस्कान कुमारी को भी लगने से वह घायल हो गईं.

दोनों घायलों का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि मुस्कान कुमारी के बयान पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं, विनायक सिंह के बयान के आधार पर भी अलग मामला दर्ज किया गया है. इसके अलावा आरोपी के पास से अवैध हथियार बरामद होने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई है.

आरोपी और घायल दोनों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राहुल कुमार उर्फ गब्बर के खिलाफ पूर्व में हत्या का मामला दर्ज है. वहीं, घायल विनायक सिंह के विरुद्ध भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब बरामद हथियारों की जांच कराने के साथ-साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjay kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >