पटना: खुसरूपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे एडीआरएम, यात्री सुविधाओं का लिया जायजा, इंटरसिटी ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग

Danapur Railway Division : दानापुर के एडीआरएम वीरेंद्र कुमार ने खुसरूपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. स्थानीय लोगों ने ट्रेनों के ठहराव और नई सुविधाओं की मांग की, जिस पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा मिला है.

Danapur Railway Division : दानापुर रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) वीरेंद्र कुमार बुधवार को विशेष ट्रेन से खुसरूपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, प्लेटफॉर्म की स्थिति और सर्कुलेटिंग एरिया की बारीकी से समीक्षा की. एडीआरएम ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए.

स्थानीय लोगों ने रखीं प्रमुख मांगें

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और रेल यात्रियों ने एडीआरएम से मुलाकात कर स्टेशन की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया. लोगों ने कहा कि खुसरूपुर एक प्रमुख व्यावसायिक और धार्मिक केंद्र है, फिर भी यह बुनियादी रेल सुविधाओं से वंचित है.

स्थानीय लोगों ने दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (13401/02) और कटिहार-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (15713/14) का खुसरूपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की. इसके अलावा यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो की लंबाई बढ़ाने की भी मांग की गई. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पूर्वी समपार फाटक पर आरओबी के निर्माण तथा पश्चिमी समपार फाटक पर फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग भी उठाई.

मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा

एडीआरएम वीरेंद्र कुमार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया. उन्होंने बताया कि रेल मंत्री के निर्देशानुसार दोनों इंटरसिटी ट्रेनों के ठहराव से संबंधित मांग पर जल्द ही उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी.

उन्होंने क्षेत्र में ट्रेनों को वैक्यूम कर (चेन पुलिंग) रोके जाने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई और इसमें स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की. साथ ही उन्होंने खुसरूपुर रेलवे स्टेशन की आय बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास करने की बात कही. एडीआरएम के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में बेहतर रेल सुविधाओं और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद जगी है.

Also Read: बांकीपुर बचाने खुद उतरेंगे नितिन नवीन, पटना आकर बनाएंगे बीजेपी की जीत का प्लान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Naveen kumar

नवनीत कुमार प्रिंट माध्यम में 25 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >