पटना में 2 युवतियों से 28.75 लाख की साइबर ठगी: शेयर बाजार और सस्ते सोने-डॉलर के नाम पर जालसाजों ने लगाया चूना, केस दर्ज

पटना में साइबर अपराधियों ने दो युवतियों को ऑनलाइन निवेश और सस्ते कीमती सामान का लालच देकर 28.75 लाख रुपये ठग लिए. एक युवती से शेयर बाजार के नाम पर 20 लाख और दूसरी से गोल्ड-डायमंड के बहाने 8.75 लाख रुपये की ठगी हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Patna News: राजधानी पटना में साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन निवेश और भारी मुनाफे का झांसा देकर दो युवतियों से 28.75 लाख रुपये की बड़ी ठगी कर ली. जालसाजों ने दोनों मामलों में अलग-अलग हथकंडे अपनाकर युवतियों को अपने जाल में फंसाया. पहला मामला गर्दनीबाग और दूसरा खगौल इलाके से सामने आया है, जहां पीड़ितों को शेयर बाजार में भारी मुनाफे और सस्ते दामों पर कीमती सामान दिलाने का लालच देकर रकम ऐंठी गई. दोनों मामलों में पटना के साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.

गर्दनीबाग की युवती से शेयर बाजार के नाम पर 20 लाख ठगे

गर्दनीबाग निवासी पीड़िता को बदमाशों ने मोबाइल पर टेक्स्ट मैसेज भेजकर शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का ऑफर दिया. युवती के हामी भरते ही उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां फर्जी डैशबोर्ड के जरिए उसका मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा. भरोसे में आकर पीड़िता ने किस्तों में कुल 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. जब युवती ने अपना मूलधन और मुनाफा निकालने (विड्रॉल) का प्रयास किया, तो तकनीकी अड़चनें बताई गईं. पैसे की मांग करने पर जालसाजों ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया और टेलीग्राम ग्रुप से बाहर निकाल दिया.

गोल्ड, डायमंड और डॉलर के नाम पर 8.75 लाख की चपत

ठगी का दूसरा मामला खगौल थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवती सोशल मीडिया ऐप इंस्टाग्राम पर साइबर अपराधियों के जाल में फंस गई. युवती ने इंस्टाग्राम पर एक लुभावना विज्ञापन देखा, जिसमें बेहद सस्ते दामों पर सोना, हीरा और अमेरिकी डॉलर देने का दावा किया गया था. विज्ञापनों और झांसे में आकर युवती ने बताए गए बैंक खातों में 8.75 लाख रुपये का ऑनलाइन भुगतान कर दिया. कई दिन बीत जाने के बाद भी जब कोरियर या पार्सल नहीं पहुंचा, तब उसे ठगी का अहसास हुआ.

साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने जारी किया अलर्ट

दोनों ही मामलों में पीड़ित युवतियों की शिकायत पर पटना साइबर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान शुरू कर दिया है. मामले की जांच को लेकर साइबर पुलिस अधिकारियों ने कहा, "दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है और जिन बैंक खातों व यूपीआई आईडी में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया जारी है. आम नागरिक अनजान सोशल मीडिया विज्ञापनों, टेलीग्राम चैनलों पर निवेश के दावों या सस्ते सोने-डॉलर के लालच में आकर किसी भी खाते में पैसे न भेजें."

Also Read: पटना के गणपति गेस्ट हाउस में देह व्यापार का खुलासा, 4 मंजिलों पर चल रहा था खेल; 4 युवतियां हिरासत में, एक गिरफ्तार, संचालक फरार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नितिश सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >