पटना समेत बिहार के 4 जिलों में अपहरण और हत्या की फिराक में थे आठ अपराधी, पुलिस ने हथियार के साथ किया गिरफ्तार

गिरोह बेगूसराय में पेट्राेल पंप मालिक की हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी ले चुका था और 50 हजार रुपये का भुगतान भी हो गया था. इसके बाद यह गिरोह साेनपुर में एक कारोबारी का अपहरण करते और फिर सोनपुर में ही सुधा एजेंसी के मालिक से लूटपाट करने वाले थे.

पुलिस ने पटना के साथ ही वैशाली, सारण, मुजफ्फरपुर में अपहरण, हत्या व लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देने के फिराक में रहे आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. इनमें दीदारगंज सोनावां निवासी शेषनाथ सिंह, मोकामा निवासी धर्मेंद्र पासवान, नदी थाने के समसपुर निवासी गौरव झा, नालंदा के हिलसा निवासी राजवीर सिंह, भागलपुर के रसुलपुर तुर्की निवासी छोटे लाल उर्फ गुलेटिया, सोनपुर के मीना बाजार निवासी सन्नी कुमार, भागलपुर के सन्होला निवासी अजहर आलम और नदी थाने के जफराबाद निवासी मुकेश कुमार शामिल हैं. पुलिस ने पकड़े गये अपराधियाें के पास से दाे पिस्टल, एक मैग्जीन, 13 कारतूस व लूटी गयी तीन बाइकें बरामद की हैं.

नालंदा का राजवीर सिंह पूर्व में पंडारक में भोला सिंह व उसके भाई मुकेश सिंह की हत्या करने के प्रयास के दौरान पकड़ा गया था और उसकी जमकर पिटाई हुई थी. इस मामले में यह बात सामने आयी थी कि वह पूर्व विधायक अनंत सिंह के लिए काम करता था और उन्होंने ही भोला की हत्या करने के लिए राजवीर व अन्य को भेजा था. हालांकि, इससे अनंत सिंह ने इन्कार किया था.

पकड़े गये छाेटेलाल खैनी दुकानदार है और राजीव नगर की घुड़दाैड़ माेड़ पर उसकी खैनी की दुकान है, जबकि अजहर चिकन बेचता है. इन दोनों को पुलिस ने शनिवार को ही उठाया था. ये दोनों सोनपुर में मां दुर्गा ज्वेलर्स में हुई डकैती के आरोपित हैं. साथ ही इस गिराेह ने परसा बाजार में मां अंबे ज्वेलर्स में लूट, गाेपालपुर में मां लक्ष्मी ट्रेडर्स में लूट के अलावा परसा थाना इलाके से तीन बाइक और स्वर्ण दुकानदार से लूट व फतुहा इलाके में बाइक लूट को अंजाम दिया था. इन अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद एक साथ कई बड़ी घटनाएं होने से बच गयीं.

एसएसपी डाॅ मानवजीत सिंह ढिल्लाे ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यह गिरोह बेगूसराय में पेट्राेल पंप मालिक की हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी ले चुका था और 50 हजार रुपये का भुगतान भी हो गया था. इसके बाद यह गिरोह साेनपुर में एक कारोबारी का अपहरण करते और फिर सोनपुर में ही सुधा एजेंसी के मालिक से लूटपाट करने वाले थे.

इन लोगों की नजर वैशाली में कुरकुरे के थाेक काराेबारी पर थी और वहां लूट के लिए सारी तैयारी पूरी कर ली थी. मुजफ्फरपुर में भी लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना थी. पटना में कई आभूषण दुकानें इन लोगों के टारगेट पर थीं. एसएसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी से इन घटनाओं को होने से रोका जा सका है.

एसएसपी ने बताया कि धर्मेंद्र उर्फ भुखलू पासवान शातिर अपराधी रहा है और इस पर दीदारगंज, मोकामा, मालसलामी, बेऊर, फतुहा आदि थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. गाैरव झा के खिलाफ भी फतुहा, दीदारगज, नदी थाना में आधा दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं. इसके अलावा मुकेश, छोटे लाल, अजहर के खिलाफ मामले दर्ज हैं. इन सभी को वैशाली पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >