A.N College Patna : राज्य के कॉलेजों में अब पढ़ाई का समय बढ़ाकर रात 8 बजे तक किया जाएगा. इसके लिए राज्य सरकार आवश्यक आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, पुस्तकालय और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी. इस नई व्यवस्था की शुरुआत एएन कॉलेज से की जाएगी और जुलाई से इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
स्थापना दिवस पर सीएम ने घोषणा की
यह घोषणा सम्राट चौधरी ने गुरुवार को एएन कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की. कार्यक्रम का आयोजन अनुग्रह नारायण सिंह की 149वीं जयंती और कॉलेज के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर किया गया था. मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेजों में पढ़ाई का समय बढ़ाने से छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और वे पुस्तकालय व अन्य शैक्षणिक संसाधनों का अधिक उपयोग कर सकेंगे.
एक साल में स्थापित होगा विक्रमशिला विवि
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं. उन्होंने बताया कि एक वर्ष के भीतर विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी. इसके लिए अगले 15 दिनों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बिहार में मॉडल स्कूलों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है. जुलाई से इन मॉडल स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी, जिससे स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकेगा.
चयनित कॉलेजों की सूची तैयार कर विभाग को सौंपा
उच्च शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चयनित कॉलेजों की सूची तैयार कर बिहार लोक भवन भेज दी है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन कॉलेजों में शाम के समय भी नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी. उच्च शिक्षा संस्थानों में सीटों की संख्या बढ़ाना और विद्यार्थियों को अधिक शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है. शाम की कक्षाओं के संचालन से मौजूदा संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा.
इन कॉलेजों में होगी इवनिंग पढ़ाई
इनमें प्रमुख रूप से पटना साइंस कॉलेज, एएन कॉलेज, बीएन कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, जेडी वीमेंस कॉलेज, एमएस कॉलेज, एलएस कॉलेज, टीएनबी कॉलेज और सीएम साइंस कॉलेज शामिल हैं.
Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद भोजपुर में बवाल, परिवार ने क्या मांग की, अब तक क्या एक्शन हुआ
