पटना के बाढ़ में बच्चे के सोने के लॉकेट को लेकर दो पक्षों में मारपीट, आठ लोग घायल, जांच में जुटी पुलिस

Patna News: उमानाथ मंदिर के पास लॉकेट चोरी के आरोप को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में 8 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Patna News: बाढ़ थाना क्षेत्र के उमानाथ मंदिर के समीप स्थित बिंद टोली में शनिवार को बच्चे के गले से सोने का लॉकेट गायब होने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें आठ लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दोनों पक्षों के लोग हुए घायल

घायलों में प्रथम पक्ष की ऊषा देवी और सनोज कुमार शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष की ललिया देवी, सुनीता देवी, चंदा कुमारी, बिंदु कुमार, पंकज कुमार और सुधीर कुमार घायल हुए हैं. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

लॉकेट चोरी के आरोप से शुरू हुआ विवाद

प्रथम पक्ष की सुलेखा कुमारी ने आरोप लगाया कि उसके बच्चे के गले में सोने का बजरंगबली का लॉकेट था, जिसे पड़ोस के एक व्यक्ति ने कथित रूप से काटकर निकाल लिया. जब इस मामले की शिकायत करने बच्चे की दादी दूसरे पक्ष के घर पहुंचीं तो वहां मौजूद लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई.

दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं दूसरे पक्ष की सुग्गी देवी ने लॉकेट चोरी के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके पति पर बेवजह चोरी का आरोप लगाया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर प्रथम पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी, जिसमें उनके परिवार के करीब पांच लोग घायल हो गए.

आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई

मामले को लेकर बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Nikhil Anurag

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >