आज रंग-बिरंगी लाइटों से गुलजार हो जायेंगे पटना के 49 छठ घाट, बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट

Chaiti Chhath 2026: पटना में चैती छठ को लेकर 49 घाट तैयार किए गए हैं. आज शाम-शाम तक ये सभी घाट रंग-बिरंगी लाइटों से गुलजार हो जायेंगे. इन घाटों पर सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं. साथ ही बारिश की संभावना को लेकर प्रशासन अलर्ट है.

Chaiti Chhath 2026: आज नहाय-खाए से चैती छठ की शुरुआत हो गई है. पटना में 49 घाट सज-धज कर तैयार हो गए हैं. शाम-शाम तक ये रंगीन रोशनी से जगमग भी हो जायेंगे, इसे लेकर काम लगभग पूरा कर लिया गया है. गंगा नदी के किनारे और तालाबों को मिलाकर 49 घाट छठ व्रतियों के लिए तैयार किए गए हैं.

छठ घाटों पर मिलेंगी ये व्यवस्थाएं

जानकारी के मुताबिक, बड़े स्तर से पाटलिपुत्र अंचल में छह घाट तैयार किए गए हैं. यहां जेपी गंगा पथ और अंडरपास से पहुंचने का रास्ता तैयार किया गया है. लेकिन, बारिश होने के बाद दलदल जैसी स्थिति बन गई है. कई अंडरपास समतल भी नहीं है. लेकिन आज काम पूरा कर लिया जाएगा. घाटों पर व्रतियों की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, वॉच टावर, चेक पोस्ट, पार्किंग, शौचालय, पेयजल और चेंजिंग रूम जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं.

कीचड़ और फिसलन वाली जगहों पर ऐसी तैयारी

शनिवार की बारिश के कारण कई प्रमुख घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई है. विशेषकर गंगा किनारे के रेतीले रास्तों पर चलना मुश्किल हो गया है. इसे देखते हुए नगर निगम अलर्ट है. फिसलन वाले रास्तों पर बालू की बोरियां रखी जा रही हैं ताकि व्रतियों को परेशानी न हो. रविवार दोपहर तक रोशनी और सजावट का बचा हुआ काम हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.

गंगा नदी में नावों के परिचालन पर रहेगी रोक

छठ व्रतियों के लिए भव्य घाट जेपी सेतु के नीचे तैयार किया गया है. यहां घाट संख्या 83, 88 और 93 पर गंगा की धारा दूर होने के कारण दलदल कम है और पथरीली बालू होने से व्रती करीब 30 से 40 फुट आगे तक पानी में जाकर अर्घ्य दे सकेंगे.

जेपी सेतु के साथ-साथ अंडरपास के जरिए यहां पहुंचना काफी आसान है और पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है. इन घाटों की जानकारी नगर निगम के चैट-बॉट पर भी मिल जाएगी. जानकारी के मुताबिक, छठ को लेकर गंगा नदी में 22 मार्च से 25 मार्च तक नावों के परिचालन पर रोक रहेगी. पटना सदर एसडीओ कृतिका मिश्रा ने आदेश जारी किया है.

Also Read: बिहार के इस जिले में 5 नई सड़कें बनाने का प्रस्ताव, जानिए किस-किस इलाके में होगा निर्माण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >