-परीक्षा शुरु होने से आधा घंटा पहले गेट हो जायेगा बंद
संवाददाता, पटना
सीबीएसइ की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा मंगलवार से शुरू हो रही है. वहीं आइसीएसइ बोर्ड की 10वीं की परीक्षा भी 17 फरवरी से शुरू हो रही है. बोर्ड की ओर से परीक्षार्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किये हैं. इसके अनुसार सीबीएसइ के छात्रों को सुबह 10 बजे से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है. 10 बजे के बाद परीक्षा सेंटर में एंट्री नहीं दी जायेगी. परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी. पटना जिले में 54 सेंटर पर 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित की जायेगी. वहीं आइसीएसइ बोर्ड के छात्रों को सुबह 10:30 से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है. 10:30 बजे के बाद परीक्षा सेंटर में एंट्री नहीं दी जायेगी. परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू होगी. बोर्ड ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा वाले दिन समय से पहले केंद्र पर पहुंचें, ताकि जांच प्रक्रिया में परेशानी न हो. परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड और स्कूल आइडी साथ रखने की सलाह दी गयी है. पहले दिन मंगलवार को सीबीएसइ 10वीं के विद्यार्थियों की गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक की परीक्षा आयोजित की जायेगी. वहीं 12वीं के विद्यार्थियों की पहले दिन बायोटेक्नोलॉजी की परीक्षा आयोजित की जायेगी. सीबीएसइ 10वीं की परीक्षा 10 मार्च और 12वीं की परीक्षा 9 अप्रैल को समाप्त होगी. वहीं आइसीएसइ बोर्ड की ओर से पहले दिन 10वीं के विद्यार्थियों की इंग्लिश विषय की परीक्षा आयोजित की जायेगी. आइसीएसइ 10वीं की परीक्षा 30 मार्च को समाप्त होगी.
पहली परीक्षा छोड़ी तो नहीं दे पायेंगे दूसरी परीक्षा
सीबीएसइ इस वर्ष से साल में दो बार 10वीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित करेगा. पहली परीक्षा में विद्यार्थियों का बैठना अनिवार्य है. जो छात्र पहली परीक्षा में शामिल नहीं होंगे, वे दूसरी परीक्षा के लिए योग्य नहीं माने जायेंगे. बोर्ड ने नियमों को समझाते हुए बताया है कि अगर कोई छात्र पहली परीक्षा के दौरान तीन या उससे ज्यादा विषयों की परीक्षा नहीं देता है, तो उसे एसेंशियल रिपीट की कैटेगरी में डाल दिया जायेगा. यानी ऐसे छात्र इसी साल होने वाली दूसरी बोर्ड परीक्षा में नहीं बैठ पायेंगे. उन्हें अगले साल फरवरी में ही मुख्य परीक्षा देने का मौका मिलेगा.
ये छात्र दे सकते हैं बोर्ड की दूसरी परीक्षा
जो छात्र मुख्य परीक्षा में पास हो चुके हैं, वे विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं जैसे तीन विषयों में अपने नंबर सुधारने के लिए परीक्षा दे सकते हैं. जिन्हें पहली यानी मुख्य परीक्षा में कंपार्टमेंट मिली है वे भी दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा वैसे छात्र जो सब्जेक्ट रिप्लेसमेंट के जरिये पास हुए हैं, वे भी नंबर बढ़ाने के लिए परीक्षा दे सकते हैं. बोर्ड ने कहा है कि नियमों में किसी भी तरह की छूट या अनुरोध पर विचार नहीं किया जायेगा. बोर्ड का कहना है कि नियमों को इसलिए स्पष्ट किया गया है कि छात्र अपनी तैयारी बेहतर ढंग से करें
परीक्षा हॉल में कैलकुलेटर पर प्रतिबंध
सीबीएसइ ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर कैलकुलेटर लाना पूरी तरह मना है. हालांकि छात्र पारदर्शी पाउच में पारदर्शी स्केल, कंपास, डिवाइडर, प्रोटैक्टर, पेंसिल, इरेजर, शार्पनर और ग्राफ और डायग्राम बनाने की सामग्री ले जा सकते हैं. बोर्ड ने साफ कहा है कि परीक्षा हॉल में किसी अन्य छात्र से सामान लेना भी मना होगा.
