Bihar police exam : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) द्वारा आयोजित अवर निरीक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल करने का मामला सामने आया है. शाहपुर स्थित सियाराम सिंह इंटर स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया.
परीक्षा के दौरान वीक्षक ने पकड़ा
गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान बिहटा के रघुनाथपुर निवासी रामवीर दुबे, पिता इंद्रमणि दुबे के रूप में हुई है. परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात वीक्षक ने उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और जांच करने पर उसके पास इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुआ.
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त, थाना में दिया आवेदन
घटना के बाद पुलिस ने अभ्यर्थी को हिरासत में लेकर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर लिया. इस संबंध में शाहपुर स्थित सियाराम सिंह इंटर स्कूल परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षक ने शाहपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है.
परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का आरोप
केंद्राधीक्षक ने आवेदन में बताया कि रविवार को परीक्षा के दौरान करीब 11:45 बजे कक्ष संख्या-9 में ड्यूटी पर तैनात वीक्षक ने अभ्यर्थी को अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए पकड़ा. आरोप है कि परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष के भीतर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से परीक्षा की गोपनीयता भंग कर अनुचित लाभ लेने का प्रयास कर रहा था.
पुलिस कर रही है आगे की कार्रवाई
पुलिस ने अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जब्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकल के लिए किस प्रकार के नेटवर्क या तकनीक का इस्तेमाल किया गया था.
इसे भी पढ़ें: बिहार में 13 से 15 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट, इन इलाकों में ज्यादा दिखेगा असर
