पटना में ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर कारोबारी से 36 लाख की ठगी, व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर फंसाया

पटना के एक कारोबारी को शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर साइबर ठगों ने 36 लाख रुपये की चपत लगाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Patna Cyber Fraud : पटना में साइबर ठगों ने ऑनलाइन निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक कारोबारी से करीब 36 लाख रुपये की ठगी कर ली. ठगों ने पहले सोशल मीडिया पर शेयर में निवेश का विज्ञापन दिखाकर कारोबारी से संपर्क किया और फिर उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़कर ऑनलाइन निवेश करने के लिए प्रेरित किया. ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित कारोबारी ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

सोशल मीडिया विज्ञापन देखकर ठगों के संपर्क में आये कारोबारी

गोपालपुर थाना क्षेत्र के भोगीपुर निवासी कारोबारी उमेश कुमार ने सोशल मीडिया पर शेयर में निवेश से संबंधित एक विज्ञापन देखा था. विज्ञापन में दिये गये नंबर पर उन्होंने संपर्क कर निवेश से जुड़ी जानकारी ली. इसी दौरान साइबर ठगों ने उन्हें शेयर में निवेश करने पर भारी मुनाफा होने का भरोसा दिया.

व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर शुरू कराया ऑनलाइन निवेश

आरोपितों ने कारोबारी को एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़ दिया. इसके बाद उन्हें एक कंपनी में ऑनलाइन निवेश करने के लिए कहा गया. शुरुआत में ठगों ने निवेश की प्रक्रिया और संभावित मुनाफे के बारे में जानकारी देकर कारोबारी का भरोसा जीता. इसके बाद उमेश कुमार ने उनके कहने पर रकम निवेश करना शुरू कर दिया.

स्क्रीन पर बढ़ता दिखा पैसा, खाते में नहीं पहुंची रकम

निवेश के बाद कारोबारी को लगातार बताया जाता रहा कि उनका पैसा बढ़ रहा है और उन्हें अच्छा मुनाफा मिल रहा है. इससे उन्हें निवेश पर भरोसा होता गया. धीरे-धीरे ठगों ने उनसे करीब 36 लाख रुपये निवेश के नाम पर जमा करा लिये.

रकम निकालने की कोशिश की तो मांगे और 12 लाख

जब कारोबारी ने निवेश की गयी रकम में से कुछ पैसे निकालने का प्रयास किया, तो निकासी नहीं हो सकी. इसके बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग कारण बताते हुए रकम निकालने के लिए उनसे दोबारा करीब 12 लाख रुपये जमा करने की मांग की. यहीं कारोबारी को पूरे मामले पर शक हुआ.

साइबर थाने में दर्ज कराया केस, जांच शुरू

ठगी का एहसास होने के बाद उमेश कुमार ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ठगों द्वारा इस्तेमाल किये गये मोबाइल नंबर, व्हाट्सऐप ग्रुप, बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े विवरण की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नितीश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >