Bulldozer Action: पटना में 5 एकड़ की सरकारी जमीन पर बुलडोजर चलने वाला है. पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी किया. इसी आदेश के बाद सदर अंचल कार्यालय की तरफ से उन लोगों को नोटिस भेजा गया, जो अभी इस जमीन पर रह रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, इस 5 एकड़ की जमीन पर 81 लोगों ने कब्जा कर रखा है.
मामले में इस दिन होगी सुनवाई
सदर अंचलाधिकारी रजनीकांत की तरफ से इस मामले में सुनवाई 5 फरवरी को की जाएगी. जिन भी लोगों को नोटिस भेजा गया है, उन्हें डॉक्यूमेंट्स लाने का आदेश दिया गया है. उन डॉक्यूमेंट्स की जांच के बाद ही सीओ की तरफ से आदेश जारी किया जाएगा. इसके बाद सरकारी जमीन को खाली कराने के लिए बुलडोजर चलाया जाएगा.
क्या कहना है जिला प्रशासन का?
जिला प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि बुद्धा कॉलोनी मोड़ से काली मंदिर तक की जमीन गैरमजरुआ आम है. सालों से इस जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है. इतना ही नहीं, कई लोगों ने तो मकान भी बना लिए हैं. पूरे लोकेशन की बात करें तो, दक्षिण साइड में मंदिरी और बुद्धा कॉलोनी का हिस्सा और उत्तर में अशोक राजपथ है. पश्चिम में बुद्ध कॉलोनी रोड और पूरब में काली मंदिर है.
क्या होती है गैरमजरुआ आम जमीन?
गैरमजरुआ आम सरकारी जमीन होती है. इस पर सरकार का मालिकाना हक होता है. सरकार इस जमीन का इस्तेमाल सार्वजनिक सुविधाओं के लिए कर सकती है. इस जमीन पर किसी भी व्यक्ति विशेष का हक नहीं होता है. अगर कोई इस जमीन पर हक जमाता है तो सरकार उससे वापस ले सकती है.
5 एकड़ की जमीन पर सरकार की योजना
जानकारी के मुताबिक, जिस 5 एकड़ की जमीन पर बुलडोजर चलाया जाएगा, वहां वेंडिंग जोन बनाया जाएगा. इसके साथ ही कोई पार्क या फिर सरकारी बिल्डिंग का निर्माण भी किया जा सकता है. इस जगह से अतिक्रमण हटाकर सरकार अपने तरीके से इसका इस्तेमाल करेगी. इसके लिए खास योजना बनाई जा रही है.
Also Read: Bihar Budget 2026: शिक्षा बजट पर इस बार 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी, जानिए सरकार की योजना
