प्रतिनिधि, मोकामा शनिवार की शाम दानापुर रेल मंडल के मोकामा और हथिदह स्टेशन के बीच टाल जंक्शन पर कामाख्या से दिल्ली जाने वाली 15658, ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन के नीचे एक भैंसा आ गया. इस वजह से ट्रेन टाल जंक्शन पर तीन घंटे से अधिक समय तक रुकी रही. बाद में दूसरी इंजन को ट्रेन में जोड़ा गया और फिर ट्रेन को टाल जंक्शन से रवाना किया गया. इस दौरान टाटा से आरा जाने वाली सुपर, एक मालगाड़ी सहित अन्य गाड़ियां पीछे विभिन्न स्टेशनों पर रुकी रही. टाल जंक्शन के उप प्रबंधक रौशन कुमार सिन्हा ने बताया कि 15:45 बजे दुर्घटना हुई और ट्रेन रुक गयी, जबकि 18:58 बजे ट्रेन को टाल जंक्शन से रवाना किया गया. उन्होंने बताया कि भैंसे के ट्रेन के नीचे आने की वजह से ट्रेन के इंजन में समस्या आ गयी थी. इस दौरान टाल जंक्शन पर अफरातफरी का माहौल रहा और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. रेल कर्मियों ने काफी मशक्कत से भैंसे को ट्रैक से हटाया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
