BSSC Paper Leak : गिरफ्तार अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ, कोर्ट से ली जाएगी अनुमती

बीएसएससी की तृतीय स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में सुपौल के रहने वाले दारोगा के बेटे अजय ने ही मोतिहारी के शांति निकेतन जुबली स्कूल में परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र की तस्वीर खींचकर वाट्सएप पर भेजी थी. वहीं पटना से गिरफ्तार कैलाश साह ने अजय को सॉल्वर गैंग के सदस्यों से मिलवाया था.

बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की तृतीय स्नातक स्तरीय प्रारंभिक परीक्षा की प्रथम पाली के प्रश्न पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है. आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) के सूत्रों के मुताबिक जेल भेजे गये आधा दर्जन अभियुक्तों में से परीक्षार्थी अजय कुमार, सॉल्वर रवि राज और कैलाश साह को जल्द ही रिमांड पर लिया जाएगा और सभी आरोपियों से पूछताछ की जायेगी. इसके लिए जल्द ही कोर्ट से भी अनुमति ली जायेगी.

दारोगा के बेटे ने लीक किया था प्रश्नपत्र

सूत्रों के मुताबिक बीएसएससी की तृतीय स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में सुपौल के रहने वाले दारोगा के बेटे अजय ने ही मोतिहारी के शांति निकेतन जुबली स्कूल में परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र की तस्वीर खींचकर वाट्सएप पर भेजी थी. वहीं पटना से गिरफ्तार कैलाश साह ने अजय को सॉल्वर गैंग के सदस्यों से मिलवाया था. रवि राज ने साल्वर के रूप में बीएसएससी के प्रश्नपत्र को हल किया था. जांच टीम इन तीनों आरोपियों से से अलग-अलग पूछताछ करेगी.

Also Read: BSSC Paper Leak : सॉल्वर कैलाश और राजेश ने वाट्सअप पर अजय को भेजा था जवाब, छह लोग भेजे गये जेल

सुपौल निवासी वनरक्षी गिरफ्तार

इसके साथ ही प्रश्न पत्र वायरल मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने सुईया से एक वनरक्षी को भी गिरफ्तार किया गया है. आर्थिक अपराध इकाई पटना से पहुंची टीम ने सुईया पुलिस के सहयोग से उक्त कार्रवाई की है. गिरफ्तार वनरक्षी का नाम रवींद्र कुमार बताया गया है, जो सुपौल जिला का रहने वाला है. हालांकि पेपर लीक मामले में रवींद्र की क्या भूमिका रही है, इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने से सभी कतरा रहे हैं. वहीं नालंदा से कुमार मनीष नाम के एक युवक को गिरफ्तार करने की भी बात सामने आ रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >