बिहार शिक्षक भर्ती TRE-4 में बड़ा बदलाव, अब एक उम्मीदवार, एक ही रिजल्ट, 44000 भर्तियों के लिए जल्द आएगा नोटिफिकेशन

BPSC TRE 4 Teacher Recruitment: बीपीएससी टीआरई-4 शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव किया गया है. अब एक अभ्यर्थी को सिर्फ एक ही कक्षा स्तर के लिए चयन मिलेगा. इससे ज्यादा युवाओं को नौकरी का मौका मिलेगा और सीटों के असंतुलन की समस्या खत्म होगी.

BPSC TRE 4 Teacher Recruitment: बीपीएससी शिक्षक भर्ती के TRE-4 में शिक्षा विभाग एक ऐतिहासिक बदलाव करने जा रहा है. अब एक कैंडिडेट-एक रिजल्ट की निति लागू होगी. इसका मतलब है कि एक उम्मीदवार का चयन केवल एक ही स्तर के लिए किया जाएगा. अब तक की भर्तियों में एक ही छात्र का नाम प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक तीनों सूचियों में आ जाता था, जिससे कई सीटें खाली रह जाती थीं. इस नए नियम से अब एक सीट पर केवल एक ही व्यक्ति का हक होगा, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी.

लोगों को होगा फायदा

इस नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा उन हजारों युवाओं को मिलेगा जो मामूली अंकों के अंतर से मेरिट लिस्ट से बाहर हो जाते थे. पहले एक ही मेधावी छात्र कई सीटों पर कब्जा कर लेता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा.

विभाग का मानना है कि इस कदम से ज्यादा से ज्यादा बेरोजगार युवाओं को नौकरी के अवसर मिलेंगे और वेटिंग लिस्ट या खाली सीटों का झंझट भी काफी हद तक कम हो जाएगा. यह फैसला उन कैंडिडेट्स के लिए उम्मीद की नई किरण है जो लंबे समय से निष्पक्ष चयन प्रणाली की मांग कर रहे थे.

बहाली को लेकर क्या जानकरी आई सामने

टीआरई-4 के जरिए करीब 44000 शिक्षकों की बहाली होनी है. इसमें कक्षा 1 से 8 तक के लिए लगभग 19 हजार पद, कक्षा 9 से 10 के लिए 12 हजार और कक्षा 11 से 12 के लिए 13 हजार पद शामिल किए गए हैं.

गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स जैसे विषयों पर ज्यादा ध्यान दिया गया है क्योंकि स्कूलों में इन विषयों के शिक्षकों की भारी कमी है. इसके साथ ही बिहार की मूल निवासी महिलाओं को मिलने वाला 35 प्रतिशत आरक्षण भी जारी रहेगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

रोस्टर किया जा रहा तैयार

फिलहाल बिहार के स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात को बेहतर करने के लिए सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है. पिछले दो सालों में सवा दो लाख से अधिक नियुक्तियां हुई हैं, फिर भी कमी को देखते हुए टीआरई-4 की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है. शिक्षा मंत्री के निर्देश पर रोस्टर तैयार किया जा रहा है और जल्द ही बीपीएससी इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर देगा.

इसे भी पढ़ें : तेजप्रताप के आरोपों पर भड़के सुनील सिंह, बोले- हम गुलाब फेंकने वाले नहीं हैं, बोल्डर फेकेंगे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >