BPSC Paper Leak: बीपीएससी की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने मुंबई स्थित भाभा एटोमिक रिसर्च सेंटर (BARC) के तकनीकी सहायक रोशन कुमार को गिरफ्तार किया है. रोशन कुमार पर परीक्षा की आंसर-की लीक कर उसे अभ्यर्थियों तक पहुंचाने का आरोप है. वह बिहार के नालंदा जिले के कंकरिया गांव का रहने वाला है.
रिसर्च सेंटर से हुई गिरफ्तारी
जांच में मिले सुराग के बाद EOU की तीन सदस्यीय टीम सोमवार को पटना से मुंबई पहुंची. वहां स्थानीय पुलिस की मदद से रोशन कुमार को रिसर्च सेंटर परिसर से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई की अदालत में पेश किया गया. कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे पटना लाया जा रहा है. गुरुवार को EOU उससे पूछताछ करेगी. जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ में मामले से जुड़े कई नए खुलासे हो सकते हैं.
परीक्षा शुरू होने से पहले ही थी आंसर-की
जांच के दौरान सामने आया कि 17 अप्रैल को AEDO परीक्षा के दिन रोशन कुमार नालंदा के सोहसराय परीक्षा केंद्र पर मौजूद था. जांच के मुताबिक, उसके पास परीक्षा शुरू होने से पहले ही आंसर-की थी. उसने यह आंसर-की अभ्यर्थी श्वेता कुमारी के पति कुणाल को दी. इसके बाद कुणाल ने बायोमेट्रिक एजेंसी के कर्मचारी चंदन कुमार और राहुल कुमार को आंसर-की देकर परीक्षा कक्ष संख्या 25 में बैठी श्वेता कुमारी तक पहुंचाने के लिए कहा.
जैमर कंपनी की टी-शर्ट पहनकर पहुंचा था परीक्षा केंद्र
जांच में यह भी पता चला कि रोशन कुमार परीक्षा केंद्र पर जैमर सिस्टम लगाने वाली कंपनी की टी-शर्ट पहनकर पहुंचा था, ताकि किसी को उस पर शक न हो. परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मियों ने कुणाल, चंदन और राहुल को रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामले का खुलासा हुआ.
इस साल 14 से 21 अप्रैल के बीच नौ चरणों में AEDO भर्ती परीक्षा हुई थी. परीक्षा के दौरान पेपर लीक और ब्लूटूथ के जरिए नकल के आरोप सामने आने के बाद पूरी परीक्षा रद्द कर दी गई थी. यह भर्ती 935 पदों के लिए निकाली गई थी, जिसमें करीब 11 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इस मामले में मुंगेर, नालंदा, गया, बेगूसराय, वैशाली और समस्तीपुर में एफआईआर दर्ज की गई है. अब तक तीन दर्जन से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
रोशन कुमार पर क्या हैं आरोप
रोशन कुमार पर आरोप है कि उसने परीक्षा शुरू होने से पहले ही आंसर-की अपने पास रखी थी. वह जैमर कंपनी का कर्मचारी बनकर परीक्षा केंद्र पहुंचा. इसके बाद उसने आंसर-की श्वेता कुमारी के पति कुणाल को दी, जिसने उसे बायोमेट्रिक एजेंसी के दो कर्मचारियों के जरिए परीक्षा कक्ष तक पहुंचाने की कोशिश की.
इसे भी पढ़ें: बिहार में IMD ने जारी किया डबल अलर्ट, 6 से 8 से अगस्त तक जारी रहेगा आंधी-तूफान और भारी बारिश का दौर
