Aryabhatta Knowledge University : आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना में बिहार के प्रथम सेंटर फॉर अर्बन पॉलिसी एंड गवर्नेस का विधिवत शुभारंभ प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की सदस्य डॉ. शामिका रवि ने किया. कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी, सांसद शांभवी चौधरी और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) शरद कुमार यादव समेत शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे. केंद्र का उद्देश्य बिहार में तेजी से बढ़ते शहरीकरण की चुनौतियों पर प्रमाण आधारित शोध कर उनके व्यावहारिक समाधान तलाशना है.
शोध, नीति और शासन के बीच सेतु बनेगा केंद्र
उद्घाटन के दौरान डॉ. शामिका रवि ने कुलपति प्रो. शरद कुमार यादव की पहल और दूरदृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि शहरी नीति और शासन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर केंद्र की स्थापना समय की जरूरत है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की भूमिका अब केवल कक्षाओं और पाठ्यक्रमों तक सीमित नहीं रह सकती. शहरी विकास, आवास, यातायात, जलापूर्ति, स्वच्छता, पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसी समस्याओं के समाधान के लिए शोध और नीति संवाद को मजबूत करना जरूरी है. कुलपति ने कहा कि केंद्र अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, पर्यावरण, इंजीनियरिंग, प्रशासन, सार्वजनिक नीति और डेटा विज्ञान जैसे क्षेत्रों को जोड़कर बहुविषयक शोध को बढ़ावा देगा.
शहरी निकायों और सरकार के साथ बढ़ेगा समन्वय
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच बेहतर आधारभूत संरचना और प्रभावी प्रशासन जरूरी है. सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि बेहतर शहर के लिए सिर्फ सड़क और भवन पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि पारदर्शी प्रशासन, नागरिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समावेशन भी जरूरी है. केंद्र के माध्यम से सरकार, शहरी स्थानीय निकायों, विकास एजेंसियों, शोध संस्थानों और विशेषज्ञों के बीच सहयोग बढ़ाया जाएगा. यहां नीति संवाद, शोध परियोजनाएं, कार्यशालाएं, क्षेत्रीय अध्ययन और व्यावहारिक प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां संचालित होंगी. कुलपति ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह केंद्र बिहार में शहरी नीति, शासन और विकास के क्षेत्र में शोध एवं नीति संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा.
