Bihar Rain Alert: बिहार में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है. तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है और कई जिलों में लू जैसी स्थिति बनी हुई है. इसी बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल से राज्य में मौसम करवट लेने वाला है. अगले 4-5 दिनों तक राज्य में आंधी और बारिश जैसी स्थिति बनी रह सकती है.
लो-प्रेशर सिस्टम से बदलेगा मौसम
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में मौसम बदलने के संकेत हैं. शनिवार से उत्तर बिहार के कई हिस्सों में तेज हवा और बारिश की शुरुआत हो सकती है, जबकि 27 अप्रैल से दक्षिण बिहार में भी इसका असर दिखेगा.
25 अप्रैल: कहीं बारिश तो कहीं हीटवेव
शनिवार को बिहार में दो तरह का मौसम देखने को मिलेगा. एक तरफ पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में आंधी, बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं दूसरी ओर गया, नवादा, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जैसे दक्षिणी जिलों में हीटवेव का खतरा बना रहेगा.
26 अप्रैल: 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
रविवार को मौसम और ज्यादा एक्टिव होगा. उत्तर बिहार के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्णिया, किशनगंज समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी है. इसके अलावा सारण, सीवान, गोपालगंज और चंपारण के इलाकों में भी येलो अलर्ट लागू रहेगा.
27-28 अप्रैल: पूरे बिहार में बदलेगा मौसम
27 और 28 अप्रैल को पूरे राज्य में मौसम खराब रहने की संभावना है. इस दौरान पटना, भागलपुर और गया समेत कई जिलों में तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने की आशंका है. इस बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
44 डिग्री तक पहुंचा पारा, लू से बेहाल लोग
शुक्रवार को रोहतास जिले के डेहरी में सबसे ज्यादा 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा पटना, औरंगाबाद, नालंदा, जहानाबाद और छपरा में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा. गर्मी का असर इतना ज्यादा है कि रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही और तापमान 22 से 27 डिग्री के बीच बना हुआ है.
सावधानी जरूरी, मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी-बारिश और वज्रपात के दौरान सतर्क रहें. खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. वहीं हीटवेव प्रभावित जिलों में लोगों को दिन के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.
Also Read: बिहार के छपरा में अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर, 200 से अधिक दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
