एक जून से दानापुर में 15821 पदों पर भर्ती रैली होगी शुरू, पूर्व सैनिकों को बिहार पुलिस में नौकरी का मौका, जानें पूरी डिटेल

Bihar SAP Recruitment 2026: बिहार पुलिस मुख्यालय ने सेना और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवानों के लिए 15821 पदों पर स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. दानापुर में एक से छह जून तक प्रमंडलवार रैली होगी. चयन अनुबंध आधारित होगा और छूटे उम्मीदवारों को बाद में भी मौका मिलेगा.

Bihar SAP Recruitment 2026: बिहार पुलिस मुख्यालय ने भारतीय सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से रिटायर्ड जवानों के लिए स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस में बहाली को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है. कुल 15821 पदों पर नियुक्ति पूरी तरह कॉन्ट्रैक्ट पर होगी और इसे आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन, दानापुर कैंट के माध्यम से किया जायेगा.

इन पदों में 15135 सैप जवान, 148 जेसीओ और 538 रसोइया के पद शामिल हैं. मुख्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार चयन के लिए प्रमंडलवार रैली एक जून से छह जून तक दानापुर में आयोजित होगी. तय तिथियों के अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 तक हर महीने के पहले सप्ताह में एपीडब्ल्यूपीओ कार्यालय में वॉक-इन इंटरव्यू भी होंगे, ताकि छूटे हुए योग्य अभ्यर्थी भी मौका पा सकें.

पहले दिन पूर्णिया, भागलपुर व दरभंगा के अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

पहले दिन एक जून को पूर्णिया, भागलपुर और दरभंगा प्रमंडल के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है, जिसमें पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, नवगछिया, बांका, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिले शामिल हैं. दूसरे दिन दो जून को कोशी, मुंगेर और सारण प्रमंडल के सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, सारण, सीवान और गोपालगंज के पूर्व सैनिक पहुंचेंगे.

तीन जून को तिरहुत व चार को मगध प्रमंडल के अभ्यर्थी आयेंगे

तीन जून को तिरहुत प्रमंडल के मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, बगहा, सीतामढ़ी, वैशाली और शिवहर, चार जून को मगध प्रमंडल के गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद और नवादा के अभ्यर्थियों की बारी होगी. पटना और नालंदा के लिए पांच जून तथा भोजपुर, भभुआ, रोहतास और बक्सर के लिए छह जून की तिथि तय की गयी है. रैली का समय सुबह साढ़े नौ बजे से शाम चार बजे तक रहेगा.

ये कागजात साथ लाने होंगे

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अवसर केवल सेना या अर्धसैनिक बलों से सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए कर्मियों के लिए है. इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ डिस्चार्ज बुक, पेंशन भुगतान आदेश, पेंशन दर्ज बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पहचान पत्र, एक जनवरी 2026 के बाद बना ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र, एडब्लयूपीओ का निबंधन नंबर और पति-पत्नी की चार-चार पासपोर्ट साइज फोटो लानी होगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

6417 पद रहेंगे अनारक्षित

अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 2936, एससी के लिए 2688, पिछड़ा वर्ग के लिए 1525, पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 510, एसटी के लिए 163 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1582 पद हैं. शेष 6417 पद अनारक्षित हैं. स्वतंत्रता सेनानियों के नाती-पोतों के लिए 316 पद और दिव्यांजनों के लिए चार प्रतिशत पद सुरक्षित रखे गये हैं.

इसे भी पढ़ें: सारण, सीतामढ़ी से अररिया तक, इन 13 जिलों के विधायकों को नहीं मिली सम्राट कैबिनेट में जगह

6 घंटे का सफर सिर्फ ढाई घंटे में, बिहार बॉर्डर से काठमांडू तक चलेगी सीधी ट्रेन, देखे अपडेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >