Bihar Road Infrastructure, कृष्ण कुमार: बिहार में गंगा किनारे आधुनिक सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है. राज्य में कुल 118.45 किलोमीटर लंबाई के तीन महत्वपूर्ण गंगा पथ परियोजनाओं का निर्माण 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इन परियोजनाओं पर कुल 16465.41 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. सरकार का मानना है कि इन सड़कों के निर्माण से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर होगा, यातायात दबाव कम होगा तथा पर्यटन और व्यापार को भी नयी गति मिलेगी.
सुल्तानगंज से भागलपुर तक लगभग 40.8 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन गंगा पथ का होगा निर्माण
पहली परियोजना भागलपुर क्षेत्र से जुड़ी है. इसके तहत सुल्तानगंज से भागलपुर तक लगभग 40.8 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन गंगा पथ का निर्माण किया जायेगा. इस परियोजना पर 4849.83 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. सरकार ने इसके निर्माण को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है. यह सड़क बनने से भागलपुर, सुल्तानगंज और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन काफी सुगम हो जायेगा. खासकर श्रावणी मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी.
साफियाबाद से बरियारपुर और घोरघट तक 42 किलोमीटर तक बनेगा गंगा पथ
दूसरी बड़ी परियोजना मुंगेर जिले में प्रस्तावित है. इसके तहत साफियाबाद से बरियारपुर और घोरघट तक करीब 42 किलोमीटर लंबा गंगा पथ बनाया जाएगा. इस परियोजना की अनुमानित लागत 5119.8 करोड़ रुपये है. इसका निर्माण काम भी चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस सड़क के निर्माण से मुंगेर और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी तथा औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
जेपी गंगा पथ का विस्तार दीघा से कोईलवर (बिहटा) तक होगा
वहीं तीसरी परियोजना राजधानी पटना और भोजपुर क्षेत्र को जोड़ने वाली है. इसके तहत जेपी गंगा पथ का विस्तार दीघा से कोईलवर (बिहटा) तक किया जायेगा. लगभग 35.65 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन विस्तार पर 6495.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे. यह परियोजना राजधानी क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभायेगी.
पटना से बिहटा और आरा की ओर आने-जाने वाले लोगों को तेज एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी. राज्य सरकार का कहना है कि इन तीनों गंगा पथ परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार में सड़क आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी. साथ ही आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: कमांड देते ही हरा गमछा वालों को पकड़ लेगा AI, सीएम सम्राट बोले- पुलिस को कार्रवाई की खुली छूट
