Bihar Rajya Sabha Election: सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की चर्चा एक बार फिर बिहार की राजनीति में शुरू हो गई है. राज्यसभा चुनाव को लेकर इस वक्त गहमागहमी बनी हुई है. ऐसे में निशांत कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं. बिहार के कई मंत्रियों ने संकेत दिए हैं. मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, निशांत जी जल्द ही सक्रिय राजनीति में आ सकते हैं.
अशोक चौधरी ने और क्या कहा?
अशोक चौधरी ने यह भी कहा, राज्यसभा जाने या ना जाने का निर्णय पार्टी के शीर्ष नेताओं को लेना है. सीएम नीतीश कुमार ही तमाम नेताओं के साथ बैठक कर अंतिम फैसला लेंगे. जेडीयू लोकतांत्रिक पार्टी है. लेकिन हमारे पार्टी के नेता चाहते हैं कि निशांत जी एक्टिव पॉलिटिक्स में आएं. जिस तरह आज हमारे कार्यकारी अध्यक्ष जी का बयान आया और उसके बाद श्रवण जी जो बिहार सरकार के मंत्री हैं उनका भी बयान आया तो हमें लगता है निशांत जी बहुत जल्दी एक्टिव पॉलिटिक्स में पार्टिसिपेट करेंगे. इससे अच्छा हमारे लिए और कार्यकर्ताओं के लिए होली का गिफ्ट नहीं हो सकता है.
विपक्ष की ओर से परिवारवाद का आरोप लगाए जाने के सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा, विपक्ष तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बीमार आदमी बोलता है, फिर भी 204 सीट उनके नेतृत्व में दिया. जनता मालिक है. जनता क्या चाहती है, वह ज्यादा इंपोर्टेंट है.
विजय चौधरी का बयान
इसके साथ ही मंत्री विजय चौधरी ने कहा, पूरी पार्टी चाहती है कि निशांत सक्रिय राजनीति में आएं. पूरी पार्टी उनका स्वागत करेगी. राज्यसभा में उम्मीदवार निशांत होंगे या कोई और यह तय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को करना है. साथ ही मंत्री विजय चौधरी ने दावा किया कि राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर एनडीए की जीत होगी.
श्रवण कुमार ने पहले ही दी शुभकामनाएं
श्रवण कुमार ने कहा, श्रवण कुमार जल्द ही एक्टिव पॉलिटिक्स में आ सकते हैं. लंबे समय से लाखों नौजवान उनके राजनीति में आने का सुझाव दे रहे हैं. जो भी नौजवान ऐसा चाह रहे हैं, मैं मानता हूं कि उनकी इच्छा जल्द ही पूरी हो सकेगी. इस दौरान श्रवण कुमार ने निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर पहले ही शुभकामनाएं दे दी. ऐसे में पार्टी की ओर से आखिरी फैसला क्या लिया जाएगा, यह देखना दिलचस्प होगा.
Also Read: सीवान में होली से ठीक एक दिन पहले आफत, सफाई कर्मियों ने पूरे शहर में फैलाया कचरा
