बिहार के 33 जिलों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी, बिजली गिरने की भी संभावना

Bihar Rain Alert: बिहार के 33 जिलों में आज मौसम बिगड़ा रह सकता है. मौसम विभाग की माने तो, इन जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. ऐसे मौसम में लोगों से सावधान रहने की भी अपील की गई है.

Bihar Rain Alert: बिहार में लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली हुई है. कुछ जिलों में कभी हल्की धूप तो कभी बादलों की आवाजाही हो रही तो कुछ जिलों में झमाझम बारिश हो रही. इस बीच संभावना जताई जा रही है कि अगले चार से पांच दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. बिगड़े मौसम की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है.

मौसम विभाग की चेतावनी

आज मौसम विभाग की ओर से 33 जिलों में मौसम बिगड़ा रहने का पूर्वानुमान जताया गया है. विभाग की माने तो, इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. आंधी-तूफान जैसी स्थिति भी बन सकती है. इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

पिछले 24 घंटे की बात करें तो, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और जमुई जिले में झमाझम बारिश हुई. साथ ही आंधी भी चली. सारण जिले में तेज आंधी चली. पटना की बात करें तो, सुबह-सुबह बादल छाया रहा. दोपहर होते-होते तक धूप खिल गई. लेकिन इस दौरान ठंडी हवा चली. इसके बाद शाम में मौसम में फिर बदलाव हुआ. जबकि आज सुबह-सुबह भी बादल छाया रहा.

किसानों का फसलों को हुआ नुकसान

मौसम वैज्ञानिकों की माने तो, बिहार में प्री-मानसून गतिविधियों के एक्टिव होने से अगले चार से पांच दिनों तक मौसम बदला रह सकता है. दूसरी तरफ कुछ किसानों को बारिश की वजह से नुकसान झेलना पड़ रहा है. तेज आंधी-तूफान की वजह से आम और लीची की फसल को नुकसान पहुंचा. डालियों पर लटके अधपके आम टूटकर गिर गए. जबकि लीची की टहनियां मजबूत होने के बावजूद टूट गईं. इस तरह से बिगड़े मौसम में खासकर किसानों को खुले में काम नहीं करने की सलाह दी है.

Also Read: पटना में कदमकुआं थाने के एडिशनल एसएचओ रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी ने रंगे हाथ दबोचा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >